गिरे तो घसीटने की कोशिश की… और रो पड़ीं महिला सांसद फूलोदेवी नेताम


रायपुर, 18 अगस्त। गिर पड़ी तो महिला मार्शलों ने घसीटने की कोशिश। ये कहते हुए रो पड़ी थी महिला सांसद फूलोदेवी नेताम। उनकी चोट अभी तक ठीक नहीं हुई, वहीं हाथ में क्रेक बेंडीज लगा हुआ था।
दरअसल, पिछले सप्ताह राज्यसभा में विपक्ष के प्रदर्शन और मार्शलों की धक्कामुक्की से उपजे बवाल पर सियासत बढ़ते ही जा रहा है। इस मुद्दे पर विपक्ष कभी मीडिया को बयान जारी कर कांग्रेस सांसदों पर महिला मार्शलों से मारपीट का आरोप तो कभी उनका पुतला दहन किया जाता है।
बुधवार को राजधानी के कांग्रेस मुख्यालय में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम और राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान सांसद फूलोदेवी नेताम ने राज्यसभा के बारे में बोलते हुए रो पड़ीं। प्रेस से चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम भी मौजूद थे।
गिरने से कमर और हाथ में चोट
राजीव भवन में सांसद फूलोदेवी नेताम बोली, भाजपा के शासन में महिलाएं सड़क से संसद तक कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। विपक्ष होने के नाते विरोध करना हमारा संवैधानिक हक है और हमने संसद में वहीं कर रहे थे। हमने सदन में सरकार की नीतियों का विरोध किया। उस दिन संसद स्थगित होने की स्थिति में थी। अचानक बिना किसी सूचना के सरकार बीमा विधेयक ले आई।
उस दिन की पूरी कार्यवाही का वीडियो जारी करें : छाया वर्मा
फूलोदेवी बोली हम विरोध कर रहे थे। अचानक मार्शलों को बुला लिया गया। पुरुष मार्शलों ने महिला सांसदों को धक्का दिया। मैं भी गिर गई। मेरे हाथ और कमर में चोट आई। दूसरी और राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने कहा कि मार्शलों के धक्के से फूलोदेवी नेताम गिर गई थीं। उनको घसीटने की कोशिश हुई। तब मै उनको सहारा देकर उठाने की कोशिश की। 10 सेकंड का एक वीडियो जारी कर भाजपा के लोग हम पर ही मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। यह गलत है, अगर हिम्मत है तो उस दिन की पूरी कार्यवाही का वीडियो जारी करें।
संसद का आचरण नजीर है… पर कलंकित किया गया है : मोहन मरकाम
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, राज्यसभा संसद का उच्च सदन है। ऐसा माना जाता है राज्यसभा विमर्श और आचरण का जो उच्च आदर्श प्रस्तुत करता है वह देश के लोगों को गौरवान्वित करता है। देश के जनसामान्य के लिए नजीर होती है। मोदी सरकार ने इसी राज्यसभा में महिला सांसदों के साथ जो बदसलूकी करवाई, उससे भारत का गौरवशाली लोकतंत्र और संसदीय प्रणाली दोनों कलंकित हुई।
उन्होंने कहा, इस दुर्भाग्यजनक घटना के बाद जिस प्रकार से भाजपा का नेतृत्व और उनके नेता पीडि़त महिला सांसदों के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, वह अनुचित, निंदनीय और भाजपा के नारी विरोधी चरित्र को बताता है। महिला सांसदों के साथ बदसलूकी करने के तुरंत बाद कि 10 सेकंड की वीडियो क्लिप जारी कर भाजपाई न अपने कुकर्म पर पर्दा डाल सकते और न ही दोषियों को बचा सकते हैं।
भाजपा नेताओं का पुतला दहन कर जताया विरोध
कांग्रेस ने राज्यसभा में सांसदों के साथ मारपीट की घटना के विरोध में प्रदेश भर में प्रदर्शन का आयोजन किया है। रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा नेताओं का पुतला दहन कर विरोध किया। महिला नेताओं के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता भाजपा की महिला सांसदों और मंत्रियों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते दिखे। रायपुर के गांधी मैदान में हुए प्रदर्शन में कई महिला नेताओं के पुतले बनाकर जलाए गए। भाजपा का एक पुतला बनाकर रस्सी से लटका दिया गया था। प्रदर्शन करने वालों में रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश दुबे सहित तमाम नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।