फिरोजपुर, 05 अक्टूबर। Father’s Cruelty : पंजाब के फिरोजपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पिता ने नाजायज संबंधों के शक में अपनी ही बेटी की बेरहमी से हत्या करने की कोशिश की। हैरानी की बात ये है कि इस वारदात को अंजाम देते समय आरोपी पिता खुद उसका वीडियो बना रहा था।
आरोपी पिता ने बेटी को नहर में धक्का दिया
यह खौफनाक वारदात दो दिन पहले फिरोजपुर में हुई। आरोपी सुरजीत सिंह ने अपनी बेटी के हाथ बांध दिए और पत्नी के साथ मिलकर उसे नहर तक ले गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मां बेटी को बचाने की गुहार लगाती है, मगर बाप बर्बरता पर उतर आता है।
वीडियो में कैद हुए दिल दहला देने वाले पल
वीडियो में सुरजीत सिंह अपनी बेटी से कहता है: बता, हमारे प्यार में क्या कमी रह गई?
पत्नी कहती है– ये काम क्यों किया? बोल क्यों नहीं रही?
मां के रोकने के बावजूद सुरजीत कहता है– चल, मर… बाय-बाय
इसके बाद वह बेटी को तेज बहाव वाली नहर में धक्का दे देता है।
बेटी पानी में समा जाती है। पीछे मां चीख-चीख कर रोती है– हाय-हाय! मैं मर गई… मेरी बच्ची!
वहीं आरोपी पिता कैमरे में बेहिचक कहता है– फेंक दी… देख लो! हमें बदनाम किया था…आज मारकर फेंक दिया।
इतना ही नहीं, वह वीडियो को व्हाट्सऐप पर भेजने की बात भी करता है।
पुलिस की कार्रवाई
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। आरोपी के ही एक रिश्तेदार ने पुलिस को सूचना दी। फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि आरोपी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
युवती की तलाश जारी
नहर में लगातार गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन (Father’s Cruelty) चला रही है, लेकिन अब तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस का कहना है कि जब तक लड़की की तलाश पूरी नहीं होती, ऑपरेशन जारी रहेगा। यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस सोच का वीभत्स चेहरा है, जहां झूठे ‘इज्जत’ के नाम पर बेटियों की जान ले ली जाती है। जहां एक मां अपनी बेटी को बचाने के लिए रोती रही, वहीं एक पिता कैमरे के सामने ‘बाय-बाय’ कहता रहा।

