बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश, 05 अक्टूबर। Murder of Daughter : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सिर्फ तीन साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी। बच्ची की हत्या करने के बाद दोनों ने किसी और को फंसाने के लिए झूठी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की सख्त जांच में उनका घिनौना सच सामने आ गया।
बच्ची को बताया ‘बाधा’, नहर में फेंका शव
यह सनसनीखेज मामला 1 अक्टूबर को सामने आया, जब महिला सीमा उर्फ लाली ने नरौरा थाना में शिकायत दर्ज कराई कि लालतरेश और उसके साथियों ने उसकी बेटी दिव्यांशी का अपहरण कर लिया है और वे उसकी हत्या करना चाहते हैं।
पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की, लेकिन इससे पहले ही बच्ची का शव नरौरा गंगा नहर में बरामद हो गया। पुलिस को सीमा की बातों में संदेह हुआ और जांच गहराई से की गई।
पूछताछ में टूटी साजिश की परतें
जांच के दौरान सीमा और उसके प्रेमी यतेंद्र को जब हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
सीमा ने बताया कि पति की मौत के बाद वह यतेंद्र के साथ रह रही थी और तीन साल की दिव्यांशी अक्सर उसे “परेशान” करती थी। काम के दौरान और यतेंद्र के साथ रहने में उसे रुकावट महसूस होती थी। इसी कारण उन्होंने बच्ची को अपनी जिंदगी की ‘बाधा’ मानकर खत्म करने का फैसला किया।
दूसरों को फंसाने की भी साजिश
सीमा और यतेंद्र ने हत्या के बाद सारा इल्जाम अहमदगढ़ निवासी लालतरेश और उसके साथियों पर डालने की कोशिश की। दोनों ने नहर में शव फेंकने के बाद थाने पहुंचकर अपहरण की झूठी कहानी बनाई।
बुलंदशहर के एसपी (ग्रामीण) तेजवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज (Daughter Murder) किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

