अयोध्या, 07 दिसंबर। Married girlfriend : अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र स्थित बभनगवा गांव से एक हैरान कर देने वाली और बेहद अनोखी घटना सामने आई है। यहां एक शादीशुदा महिला के प्रेमी को आधी रात उसके घर से पकड़ा गया, जिसके बाद पूरे गांव की उपस्थिति में दोनों की शादी करा दी गई। खास बात यह है कि इस फैसले पर महिला के पति और उसके ससुर ने भी पूरी तरह सहमति जताई है।
बेड के अंदर छिपा मिला प्रेमी
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी आलीम पुत्र मुनीर देर रात अपनी विवाहित प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। उसे देख ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया, लेकिन वह उनसे बचते हुए घर के अंदर चला गया। महिला ने घबराकर उसे बेड के अंदर छिपा दिया। ग्रामीणों को शक हुआ तो घर वालों के साथ उन्होंने बेड की तलाशी ली। बेड खुलवाया गया तो आलीम अंदर से बाहर निकल आया। गांव में मामला तुरंत चर्चा का विषय बन गया।
ससुर ने दी थाने में शिकायत, फिर बनी आपसी सहमति
घटना की शिकायत महिला के ससुर ने पूराकलंदर थाने में की। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की। बातचीत के दौरान पता चला कि महिला का पति विदेश में रहता है। थाने में ही दोनों परिवारों के बीच आपसी सहमति बन गई। महिला के पति ने फोन पर ही पत्नी और उसके प्रेमी की शादी के लिए अनुमति दी, साथ ही उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं भी दीं। ससुर ने भी इस विवाह को स्वीकार करते हुए किसी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और पुलिस को लिखित में सूचना दी।
पूरे गांव की मौजूदगी में शादी
इसके बाद गांव की उपस्थिति में आलीम और महिला का विवाह संपन्न कराया (Married girlfriend) गया। गांव के लोग इस अनोखी और समझदारी भरी सहमति-शादी को लेकर इसे खुशी और सामाजिक सद्भाव का उदाहरण बता रहे हैं। पूरा मामला अब बभनगवा गांव से लेकर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

