
सिडनी, 14 दिसंबर। Hanukkah Festival : ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित प्रसिद्ध बोंडी समुद्र तट पर यहूदी समुदाय के हनुक्का उत्सव के दौरान दो बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिस अधिकारियों समेत 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार, गोलीबारी रविवार शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुई।
पुलिस के मुताबिक, दो हमलावरों में से एक को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जबकि दूसरा हमलावर गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने एक हमलावर की पहचान 24 वर्षीय नवीद अकरम, सिडनी निवासी के रूप में की है। मामले की जांच के तहत उसके घर पर भी छापा मारा गया है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज ने घटना को स्तब्धकारी और बेहद दुखद बताया है। अधिकारियों ने बोंडी बीच पर हुई इस गोलीबारी को आतंकवादी हमला घोषित किया है। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार, यह घटना आठ दिवसीय यहूदी त्योहार हनुक्का की पहली रात को हुई। समुद्र तट पर त्योहार की शुरुआत के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों लोग मौजूद थे, तभी हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने बच्चों और बुजुर्गों को भी निशाना बनाया। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, उसने कम से कम 10 लोगों को जमीन पर पड़े देखा और मौके पर हर ओर खून फैला हुआ था। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और जांच जारी है।

आम नागरिक की बहादुरी
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक आम नागरिक पीछे से एक हमलावर के पास पहुंचकर उसका हथियार छीन लेता है। एक अन्य वीडियो में पुलिस द्वारा एक संदिग्ध को गिरफ्तार करते समय भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति उसे लात मारते हुए दिखाई देता है।
पुलिस और आपात सेवाएं सक्रिय
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने बयान जारी कर कहा, बोंडी बीच पर दो लोग पुलिस हिरासत में हैं, लेकिन ऑपरेशन अभी जारी है। लोग पुलिस लाइनों को पार न करें और सभी निर्देशों का पालन करें।घटनास्थल के आसपास संदिग्ध वस्तुएं भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। फिलहाल सिडनी के अन्य इलाकों में इससे जुड़ी किसी दूसरी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

