
मथुरा, 16 दिसंबर। Accident to Fog : मथुरा में मंगलवार रात करीब दो बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही 8 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों में आग लग गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना थाना बलदेव क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के पास माइल स्टोन 127 के निकट हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। बसों में सवार अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। टक्कर के बाद कई यात्री वाहनों में फंस गए, जबकि कुछ लोग बसों से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आग लगने से अंदर फंसे यात्रियों की जलकर मौत हो गई। हादसे में घायल कानपुर निवासी सौरभ ने बताया कि कोहरा इतना घना था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, इसी वजह से कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए और आग लग गई।
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे में 5 बसें और 2 कारें शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार 17 दिसंबर को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश (Accident due to Fog) के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कोहरे की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 18 दिसंबर तक कोहरा और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में 16 से 21 दिसंबर के बीच हल्की बर्फबारी हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी।


