रायपुर, 26 दिसंबर। Free Health Camp : सरयूपारिण ब्राह्मण सभा छत्तीसगढ़ द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी सर्वजन हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 28 दिसंबर, रविवार को किया जा रहा है। यह शिविर तुलसी भवन, संजय नगर, रिंग रोड नंबर-1 में आयोजित होगा। उक्त जानकारी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश शुक्ला ने दी।
डॉ. शुक्ला ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध एवं अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे। शिविर में नेत्र रोग, किडनी रोग, लीवर जांच, हड्डी रोग, न्यूरो फिजिशियन, दंत रोग, ईएनटी, फिजियोथैरेपी, साथ ही एलोपैथिक, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ आदि उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क होगा। शिविर में नेत्र परीक्षण के पश्चात चश्मा वितरण, उपलब्ध एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयों का निःशुल्क वितरण, साथ ही पैथोलॉजी जांच एवं एक्स-रे की सुविधा भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त योग पद्धति विशेषज्ञ एवं मर्म चिकित्सक भी शिविर में सेवाएं देंगे।
यह स्वास्थ्य शिविर सभी समाज एवं सभी नागरिकों के लिए खुला रहेगा। सभा ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर का शुभारंभ प्रातः 10 बजे समाज के कुलपुरुष गोस्वामी तुलसीदास जी के पूजन के साथ किया जाएगा।
शिविर में सत्यनारायण शर्मा (पूर्व मंत्री), पुरंदर मिश्रा (विधायक), सुनील सोनी (विधायक), महंत डॉ. रामसुंदर दास (पूर्व विधायक) तथा क्षेत्रीय जोन अध्यक्ष बद्री गुप्ता, पार्षद प्रमोद साहू, स्वप्निल मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं।


