Income Tax Awareness : छत्तीसगढ़ चैंबर ने दिया NUDGE 2.0 प्रोग्राम में सक्रिय योगदान…! प्रधान आयकर निदेशक ने विदेशी आय और संपत्ति रिपोर्टिंग को बताया अनिवार्य

Income Tax Awareness : छत्तीसगढ़ चैंबर ने दिया NUDGE 2.0 प्रोग्राम में सक्रिय योगदान…! प्रधान आयकर निदेशक ने विदेशी आय और संपत्ति रिपोर्टिंग को बताया अनिवार्य

रायपुर, 26 दिसंबर। Income Tax Awareness : छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने आयकर विभाग द्वारा आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम NUDGE 2.0 में सक्रिय सहभागिता दर्ज की। नया रायपुर स्थित प्रधान आयकर निदेशक (अन्वेषण) कार्यालय, सीबीडी बिल्डिंग में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य करदाताओं को विदेशी आय, विदेशी संपत्ति, 80GG रिफंड और आयकर रिटर्न अपडेटेशन के प्रति जागरूक करना था।

विदेशी आय और संपत्ति रिपोर्टिंग को बताया अनिवार्य

कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान आयकर निदेशक के. रवि करण, संयुक्त आयकर निदेशक (अन्वेषण) भरत शेगांवकर और अतिरिक्त आयकर निदेशक चंद्रशेखर मेहरा ने किया। सत्र में अधिकारियों ने हाई रिस्क रिफंड, धारा 80GG के तहत डोनेशन और विदेशी आय एवं संपत्ति के ब्यौरे पर विशेष जोर दिया। के. रवि करण ने स्पष्ट किया कि किसी भी भारतीय निवासी को विदेश से प्राप्त आय, कैपिटल गेन, अचल संपत्ति या विदेशी बैंक खाते की जानकारी अपने आयकर रिटर्न में अनिवार्य रूप से दर्शानी होगी।

छत्तीसगढ़ चेम्बर के प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया ने व्यापारियों और करदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग की जानकारी डिजिटल माध्यम से आयकर विभाग के पास उपलब्ध है। यदि इसे रिटर्न में नहीं दिखाया गया तो भविष्य में भारी पेनाल्टी और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

चेम्बर मंत्री प्रशांत गुप्ता ने भी कार्यक्रम की उपयोगिता पर जोर देते हुए इसे व्यापारियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। NUDGE 2.0 कार्यक्रम का उद्देश्य दंडात्मक कार्यवाही से अधिक करदाता जागरूकता बढ़ाना है, ताकि समय रहते अपनी विदेशी आय और संपत्ति की सही घोषणा की जा सके।

इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों और चार्टर्ड एकाउंटेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने सीधे आयकर अधिकारियों से अपनी शंकाओं का समाधान किया।

About The Author

व्यापार