बलौदाबाजार, 28 दिसंबर। Parali Aag : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कसडोल थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में चारा लाने गई महिला की पराली की आग की चपेट में आने से जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 50 वर्षीय प्रभा साहू आज सुबह खेत में चारा लेने गई थीं। इसी दौरान आसपास के खेतों में किसानों द्वारा पराली जलाई जा रही थी। आग से उठ रहे घने धुएं की चपेट में आने से महिला खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
दो घंटे तक महिला खेत में ही पड़ी रही
बताया जा रहा है कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। करीब दो घंटे तक महिला खेत में ही पड़ी रही, इसी दौरान पराली की आग धीरे-धीरे महिला तक पहुंच गई, जिससे उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
कुछ देर बाद खेत में पहुंचे किसानों ने महिला को जलते हुए देखा और तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आशंका (Parali Aag) है कि महिला पराली के धुएं से बेहोश हो गई थी और बाद में आग की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं।

