नई दिल्ली, 31 दिसंबर। Indian Billionaires : साल 2025 के खत्म होने के साथ ही देश के उद्योग जगत में यह चर्चा तेज हो गई है कि किस उद्योगपति ने इस साल सबसे ज्यादा कमाया और किसे नुकसान उठाना पड़ा। साल 2025 में भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन इस पूरे साल देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी के लिए यह साल बेहद शानदार साबित हुआ।
मुकेश अंबानी की संपत्ति में $16.5 बिलियन का इजाफा
साल 2025 के दौरान मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में करीब 16.5 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। भारतीय उद्योगपतियों में यह बढ़ोतरी सबसे ज्यादा रही।
इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह Reliance Industries के शेयरों में लगभग 29% की जोरदार तेजी रही, जो 2020 के बाद कंपनी का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा है। रिफाइनिंग मार्जिन में सुधार, टेलीकॉम और रिटेल बिजनेस की मजबूती और भविष्य में बिजनेस डायवर्सिफिकेशन की उम्मीदों ने शेयरों को मजबूत सहारा दिया।
ब्लूमबर्ग इंडेक्स में भी अंबानी टॉप पर
Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक, साल 2025 में भारतीय अरबपतियों में मुकेश अंबानी की संपत्ति में सबसे अधिक इजाफा हुआ है।
इन अरबपतियों की संपत्ति में भी बढ़ोतरी
मुकेश अंबानी के बाद अन्य प्रमुख उद्योगपतियों की संपत्ति में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली-
- लक्ष्मी मित्तल (ArcelorMittal) की संपत्ति में करीब $12 बिलियन की बढ़ोतरी, कुल नेटवर्थ लगभग $31 बिलियन।
- सुनील मित्तल (Bharti Airtel) की दौलत में करीब $6 बिलियन का इजाफा, एयरटेल शेयरों में लगभग 31% की तेजी।
- गौतम अडानी की संपत्ति में करीब $5.9 बिलियन की बढ़ोतरी, कुल दौलत लगभग $84 बिलियन।
- कुमार मंगलम बिड़ला की नेटवर्थ में करीब $4 बिलियन की वृद्धि।
- उदय कोटक ने करीब $2 बिलियन जोड़े और टॉप-10 अमीरों की सूची में स्थिति मजबूत की।
इसके अलावा Eicher Motors के विक्रम लाल, Wadia Group के नुस्ली वाडिया, IndiGo के राहुल भाटिया और Torrent Group के समीर मेहता की संपत्ति में भी साल 2025 के दौरान बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इन दिग्गजों की दौलत में आई गिरावट
जहां कई अरबपतियों को फायदा हुआ, वहीं कुछ बड़े नामों को साल 2025 में नुकसान भी झेलना पड़ा-
- शिव नाडर (HCL Tech) की संपत्ति में करीब $4 बिलियन की कमी
- आजिम प्रेमजी (Wipro) की दौलत लगभग $3 बिलियन घट गई
- के.पी. सिंह (DLF) और दिलीप शांगवी (Sun Pharma) की नेटवर्थ में भी गिरावट दर्ज की गई
कुल मिलाकर साल 2025 भारतीय उद्योग जगत (Indian Billionaires) के लिए मिला-जुला रहा। जहां एक ओर मुकेश अंबानी जैसे उद्योगपतियों की संपत्ति में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई, वहीं दूसरी ओर कुछ दिग्गजों को बाजार की चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

