डेस्क रिपोर्ट, 31 दिसंबर। Usman Hadi Murder Case : एक अहम घटनाक्रम में उस्मान हादी हत्याकांड के प्रमुख आरोपियों में शामिल फैसल करीम मसूद ने एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया है कि वह इस समय दुबई में है और हत्या में उसकी कोई भूमिका नहीं है। फैसल ने आरोप लगाया कि यह हत्या जमात-शिबिर द्वारा कराई गई है।
फैसल करीम मसूद के अनुसार, उसका उस्मान हादी के साथ संबंध केवल कारोबारी था। उसने यह भी कहा कि उसने अलग-अलग समय पर राजनीतिक कारणों से चंदा दिया था, लेकिन इसका हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। वीडियो संदेश में फैसल ने खुद को साजिश के तहत फंसाने की बात कही है।
इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले यूनुस सरकार की ओर से हादी की हत्या के लिए आवामी लीग और भारत पर आरोप लगाए गए थे।
अब फैसल करीम मसूद के नए दावे के बाद बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि, पहले आवामी लीग और भारत को दोषी ठहराने वाली यूनुस सरकार अब क्या रुख अपनाएगी?
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और जांच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं इस वीडियो संदेश ने हत्याकांड से जुड़े पूरे घटनाक्रम को एक नई दिशा दे दी है।

