रायपुर, 02 जनवरी। Jhiram Ghati Case : झीरम घाटी नक्सल हमले को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग वाली शिकायत को जांजगीर-चांपा पुलिस ने खारिज कर दिया है। यह शिकायत कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता विकास तिवारी की ओर से दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया है कि झीरम घाटी नक्सल घटना की जांच केंद्रीय एजेंसी द्वारा पहले ही की जा चुकी है और यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में उसी प्रकरण को लेकर किसी नई शिकायत पर अपराध दर्ज करना कानूनी रूप से संभव नहीं है।
इन्हीं आधारों पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने विकास तिवारी की शिकायत को निरस्त कर दिया है।
गौरतलब है कि झीरम घाटी नक्सल हमला छत्तीसगढ़ की राजनीति का एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला रहा है, जिस पर पहले ही विस्तृत जांच और न्यायिक प्रक्रिया चल रही है। इस फैसले के बाद एक बार फिर प्रदेश की सियासत में बयानबाज़ी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।


