रायपुर, 05 जनवरी। Child Theft Rumors : राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज़ खबर सामने आ रही है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के पार्वती नगर इलाके में बच्चा चोरी के शक को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बच्चा चोरी की आशंका में स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी।
आरोप है कि महिला इलाके से एक बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान लोगों को शक हुआ और उन्होंने महिला को रंगे हाथों पकड़ने का दावा किया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और हालात बेकाबू हो गए। गुस्साए लोगों ने महिला की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वास्तव में बच्चा चोरी की कोई कोशिश हुई थी या यह केवल अफवाह का मामला था। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे पुलिस को दें, कानून को हाथ में न लें।

