Aadhaar Mascot : आधार को मिला चेहरा और नाम…! अब एक अरब से ज्यादा नागरिकों के लिए आधार का नया साथी ‘उदय’

Aadhaar Mascot : आधार को मिला चेहरा और नाम…! अब एक अरब से ज्यादा नागरिकों के लिए आधार का नया साथी ‘उदय’

नई दिल्ली, 08 जनवरी। Aadhaar Mascot : भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आज आधार का आधिकारिक शुभंकर (प्रतीक चिन्ह) ‘उदय’ जारी किया। यह शुभंकर लोगों को आधार से जुड़ी सेवाओं की जानकारी सरल, सहज और सुलभ तरीके से उपलब्ध कराने में मदद करेगा। ‘उदय’ के माध्यम से आधार अपडेट, प्रमाणीकरण, ऑफलाइन सत्यापन, जानकारी साझा करने, नई तकनीक अपनाने और जिम्मेदार उपयोग जैसे विषयों का संचार आसान बनाया जाएगा।

माईगॉव पर आयोजित हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता

UIDAI ने माईगॉव प्लेटफॉर्म पर शुभंकर के डिज़ाइन और नामकरण के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की थी। इसमें देशभर से छात्रों, पेशेवरों और डिज़ाइनरों सहित कुल 875 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। प्रतिभागियों ने आधार के महत्व को अपनी-अपनी अनूठी कल्पना और रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत किया।

डिजाइन और नामकरण में विजेता

शुभंकर डिज़ाइन प्रतियोगिता में केरल के त्रिशूर निवासी अरुण गोकुल ने प्रथम पुरस्कार जीता। महाराष्ट्र के पुणे के इदरीस दवाईवाला को द्वितीय और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के कृष्णा शर्मा को तृतीय पुरस्कार मिला। वहीं, शुभंकर नामकरण प्रतियोगिता में भोपाल की रिया जैन प्रथम स्थान पर रहीं। पुणे के इदरीस दवाईवाला को दूसरा और हैदराबाद के महाराज सरन चेल्लापिल्ला को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

तिरुवनंतपुरम में हुआ शुभंकर का विमोचन

UIDAI के अध्यक्ष नीलकंठ मिश्रा ने तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक समारोह में शुभंकर ‘उदय’ को जारी किया और विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह शुभंकर एक अरब से अधिक आधार धारकों के लिए आधार से संबंधित संचार को और अधिक समावेशी, सरल और सुलभ बनाने की दिशा में UIDAI का महत्वपूर्ण कदम है।

UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने कहा कि खुली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों की भागीदारी ने आधार के उस मूल सिद्धांत को मजबूत किया है, जिसमें विश्वास (Aadhaar Mascot) और स्वीकृति को प्राथमिकता दी जाती है। UIDAI के उप महानिदेशक विवेक सी वर्मा ने बताया कि शुभंकर ‘उदय’ एक साथी और मार्गदर्शक के रूप में लोगों को आधार से जुड़ी जानकारी आसानी से समझने और प्राप्त करने में मदद करेगा।

About The Author

राष्ट्रीय