Custom Milling Scam : छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग घोटाला…! हाईकोर्ट से अनवर ढेबर और रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा को जमानत

Custom Milling Scam : छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग घोटाला…! हाईकोर्ट से अनवर ढेबर और रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा को जमानत

बिलासपुर, 13 जनवरी। Custom Milling Scam : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कस्टम मिलिंग घोटाला मामले में हाईकोर्ट से आरोपियों को बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने अनवर ढेबर और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा को जमानत दे दी है। वहीं शराब घोटाला मामले में भी दो आरोपियों मुकेश मनचंदा और अतुल सिंह को जमानत मिल गई है।

बचाव पक्ष के वकील हर्षवर्धन परघनिया ने जानकारी दी कि कस्टम मिलिंग घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) द्वारा मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा को आरोपी बनाया गया था। कोर्ट में चालान पेश किए जाने के बाद दोनों को जेल भेजा गया था। अब हाईकोर्ट ने दोनों को जमानत प्रदान कर दी है।

वहीं, शराब घोटाला मामले में भी आरोपियों मुकेश मनचंदा और अतुल सिंह को कोर्ट से राहत मिली है। इस फैसले को दोनों मामलों में आरोपियों के लिए बड़ी कानूनी राहत माना जा रहा है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सामने आया कस्टम मिलिंग घोटाला 140 करोड़ रुपये से अधिक का बताया जा रहा है। आरोप है कि इस घोटाले में 140 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध वसूली की गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों तक की संलिप्तता सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग राइस मिलर्स द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम और एफसीआई में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा किया जाता था। इसी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और अवैध वसूली किए जाने के आरोप हैं। EOW ने इस मामले में जांच के बाद अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा को आरोपी बनाते हुए कोर्ट में चालान पेश किया था।

फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद दोनों आरोपी जेल से बाहर आ सकेंगे, हालांकि मामले की सुनवाई आगे जारी रहेगी।

About The Author

छत्तीसगढ ब्रेकिंग न्यूज़