रायपुर, 13 जनवरी। Gujarati School : छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को गुजराती उच्च माध्यमिक शाला, देवेंद्र नगर, रायपुर में कक्षा 9वीं की पात्र 51 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम प्रार्थना सभा के उपरांत सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

साइकिल वितरण कार्यक्रम में श्री गुजराती शिक्षण संघ, रायपुर की प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों द्वारा छात्राओं को साइकिल की चाबियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के माननीय उपाध्यक्ष अशोकभाई पटेल, सचिवद्वय दिनेशभाई पटेल एवं हेमंतभाई गोहिल, सह-सचिव प्रवीणभाई पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता मावजीभाई पटेल तथा विद्यालय के प्राचार्य अनीस मेमन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपाध्यक्ष शोकभाई पटेल ने छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए छात्राओं से आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में मनोयोग से जुटने का आह्वान किया तथा संस्था एवं शाला परिवार की ओर से उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में उप-प्राचार्य वंदना संघवी, वरिष्ठ शिक्षक प्रवीण गनोदवाले, कमलेश रूपारेलिया, मंच संचालक नरेंद्र ताड़गे, प्राथमिक विभाग की प्रभारी प्रधान पाठक योगिता टांक, सरस्वती साइकिल योजना की प्रभारी शिक्षिका शांति पटेल एवं ममता राठौड़ मेम सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

