दतिया, 17 जनवरी। Defining Rape : दतिया जिले की भांडेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में फूल सिंह बरैया धर्मग्रंथों को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक और संवेदनशील टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में कथित तौर पर वे कहते सुने जा रहे हैं कि, इंडिया में सबसे ज्यादा रेप शेड्यूल कास्ट, शेड्यूल ट्राइब और मोस्ट OBC से होता है। रेप की थ्योरी ये है कि कोई भी…कैसे भी दिमाग का व्यक्ति रास्ते में जा रहा है, उसे खूबसूरत अति सुंदर लड़की यदि दिखी तो उसका ब्रेन विचलित हो सकता है तो रेप हो सकता है। आदिवासियों में, SC में कौन सी अति सुंदर स्त्री है ? मोस्ट ओबीसी में ऐसी स्त्रियां, सुंदरियां हैं ? क्यों होता है बलात्कार, क्योंकि उनके धर्म ग्रंथों में इस तरह के निर्देश दिए गए हैं।
वीडियो में जब कांग्रेस MLA बरैया से पूछता है कि क्या हिन्दू धर्म ग्रंथों में लिखा है ? तो वे कहते हैं अब वे हिन्दू हैं या नहीं, उस पर मुझे कुछ नहीं कहना, लेकिन मेरा तात्पर्य ये है कि धर्म ग्रंथों में लिखा है कि (बरैया कुछ जातिसूचक नाम बताते हैं) इन जातियों के साथ सहवास करने से ये तीर्थ का फल मिलेगा।
बहरहाल, वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो किस कार्यक्रम का है और किस संदर्भ में यह बयान दिया गया। कांग्रेस विधायक की ओर से भी फिलहाल इस कथित बयान को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और कार्रवाई की मांग की जा रही है।
आलोचना के बाद MLA ने वीडियो को बताया फर्जी
उधर फूल सिंह बरैया ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित वीडियो को फर्जी और भ्रामक करार दिया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, भाजपा जानबूझकर ऐसे कुत्सित प्रयास कर रही है, जिससे चुनाव के दौरान उनका ध्यान और जनता का मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके। उन्होंने कहा कि वे हमेशा सामाजिक न्याय, संविधान और आपसी भाईचारे की बात करते रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आने पर यह स्पष्ट हो जाएगा कि वायरल वीडियो राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं।
बता दें कि, फूल सिंह बरैया उन्नाव-भांडेर के बालाजी क्षेत्र में अपने कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो भांडेर विधानसभा का नहीं है। जानकारी के अनुसार यह वीडियो भितरवार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चीनौर तहसील के ग्राम भागीरथपुरा का बताया जा रहा है, जहां 14 अप्रैल 2016 को तत्कालीन विधायक लाखन सिंह यादव की मौजूदगी में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया गया था।
बहरहाल, मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अजय दुबे ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है और वायरल वीडियो की जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि इन बयानों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है।

