अंबेडकरनगर, 19 जनवरी। Woman Murder : गांधी आश्रम में दिनदहाड़े महिला की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान अहम जानकारी सामने आई है। मृतका के पति उमाशंकर सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान भाजपा नेता उमाशंकर सिंह उर्फ सोनू की पत्नी सोनी के रूप में हुई है।
बताया गया है कि मूलरूप से भीटी थाना क्षेत्र के मदर भारी गांव निवासी बृजभान सिंह अपने पुत्र उमाशंकर सिंह, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पिछले कई वर्षों से गांधी आश्रम क्षेत्र में रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दांपत्य विवाद की बात आई सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उमाशंकर सिंह द्वारा पत्नी के साथ मारपीट किए जाने की भी बातें सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी संबंधों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

