हापुड़/उत्तर प्रदेश, 26 जनवरी। Mahindra SUV : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें Mahindra BE 6 इलेक्ट्रिक एसयूवी में चलते समय अचानक आग लग गई। यह घटना Mahindra BE 6 से जुड़ी पहली रिपोर्टेड आग की घटनाओं में से एक मानी जा रही है। इससे पहले इलेक्ट्रिक एसयूवी में इस तरह की आग की घटनाएं सामने नहीं आई थीं, सिवाय कुछ मामूली ब्रेकडाउन मामलों के।
घटना कुराना टोल प्लाजा के पास हुई, जब यूपी 13 यू 7555 नंबर की Mahindra BE 6 इलेक्ट्रिक एसयूवी बुलंदशहर से हापुड़ की ओर जा रही थी। कार के मालिक अमन खरबंदा वाहन चला रहे थे, जब अचानक कार से धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क के किनारे रोका और किसी तरह बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में यह धुआं आग में बदल गया और पूरी कार लपटों में घिर गई।
सोशल मीडिया पर चिंता बढ़ी
इस घटना को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। हाफिजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रुक गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआत में इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह देखा जा सकता है कि लाल रंग की Mahindra BE 6 कार सड़क पर धू-धू कर जल रही है, और लोग इसे वीडियो में कैद कर रहे हैं। कई यूजर्स ने बैटरी से चलने वाली गाड़ियों की सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर चिंता जताई है।
महिंद्रा BE 6 की खासियत
Mahindra BE 6 को नवंबर 2024 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था। इसकी कीमत 18.90 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 27.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। यह एसयूवी दो अलग-अलग बैटरी पैक (59 – 79 kWh) के साथ आती है, जो क्रमशः 557 किमी और 683 किमी की ड्राइविंग रेंज का दावा करती है।
हालांकि, इस घटना के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर फिर से सवाल उठने लगे हैं, खासकर जब हम बैटरी से जुड़ी संभावित खतरों की बात करते हैं। महिंद्रा कंपनी की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह घटना इलेक्ट्रिक वाहनों की सेफ्टी को लेकर व्यापक चर्चा का कारण बन सकती है।

