रायपुर, 28 जनवरी। No Vendor Zone : राजधानी रायपुर की सबसे पुरानी और प्रमुख व्यापारिक मंडी मालवीय रोड में बदहाल यातायात व्यवस्था और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर आज छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागृह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने की।
इस बैठक में मालवीय रोड शारदा चौक व्यापारी संघ, नगर निगम रायपुर एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने एकमत होकर मालवीय रोड को ‘नो वेंडर जोन’ घोषित करने की मांग रखी।
मालवीय रोड की बदहाली पर गरजे व्यापारी
बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विवेक शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर, रमेश येरेवार, सीमा अहिरवार, यातायात थाना प्रभारी डी.डी. मानिकपुरी तथा नगर निगम रायपुर से अपर आयुक्त पंकज शर्मा, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर टाउन प्लानर आशुतोष सिंह, टाउन प्लानर आभाष मिश्रा उपस्थित रहे।
मालवीय रोड शारदा चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष तरल मोदी एवं महामंत्री राजेश वासवानी ने व्यापारियों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि पिछले 8 वर्षों से क्षेत्र में फुटपाथ विक्रेताओं और सवारी ऑटो की अनियंत्रित आवाजाही के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। पार्किंग के लिए निर्धारित फुटपाथों पर अवैध व्यापार से आए दिन विवाद की स्थिति बनती है, वहीं ट्रैफिक जाम के कारण ग्राहकों की संख्या लगातार घट रही है।
चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने नगर निगम कमिश्नर से चर्चा करते हुए कहा कि नगर निगम और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मालवीय रोड को नो वेंडर जोन घोषित करने से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि रायपुर की इस ऐतिहासिक मंडी की रौनक भी लौटेगी।
चेंबर और प्रशासन आमने-सामने
व्यापारियों का मानना है कि नो वेंडर जोन बनने से, ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु होगी। ग्राहकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।विवादों में कमी आएगी। व्यवस्थित और सुरक्षित बाजार विकसित होगा
गोलबाजार व्यापारी संघ एवं सदर बाजार के पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस पर नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों के सहयोग से समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन भी चाहता है कि व्यापारियों का व्यवसाय निरंतर प्रगति करे।
नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही उचित कार्रवाई करने तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन चेंबर कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जसप्रीत सिंह सलूजा ने किया। बैठक में चेंबर एवं विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

