रायपुर, 12 फरवरी। Mahashivratri : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा विधानसभा मार्ग स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेंटर में 12 से 17 फरवरी तक महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस छः दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, महापौर मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौड़ द्वारा किया जाएगा।

नवा रायपुर के सेक्टर-20 में स्थित एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड, शान्ति शिखर में भी 12 से 17 फरवरी तक महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा, जिसका शुभारंभ प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा करेंगे।
फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण पच्चीस फीट ऊंचे पहाड़ पर द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन, होलोग्राम शो, सतयुग की झलक, शिव दर्शन आध्यात्मिक प्रदर्शनी, 40 फीट ऊंचा शिवलिंग होगा, फेस्टिवल हर दिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक देखा जा सकेगा और एंट्री फ्री रहेगी।
महाशिवरात्रि (15 फरवरी) के दिन द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन का विशेष आयोजन किया जाएगा, जो सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इसमें एलसीडी प्रोजेक्टर के माध्यम से द्वादश ज्योतिर्लिंगों के इतिहास और महत्व को संगीतमय कमेंट्री के जरिए प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद, 18 फरवरी से सात दिवसीय राजयोग अनुभूति शिविर का नि:शुल्क आयोजन किया जाएगा, जो शान्ति सरोवर और चौबे कालोनी स्थित सेवाकेंद्रों में सुबह 7 से 8 या शाम 7 से 8 बजे के बीच होगा। यह महोत्सव और शिविर लोगों को आध्यात्मिक उन्नति और शांति का अनुभव कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेंगे।

