J&K Encounter: यूसमर्ग में बड़ा एनकाउंटर, पाकिस्तानी लश्कर कमांडर यासिर ढेर; आतंकी नेटवर्क की जांच

J&K Encounter: यूसमर्ग में बड़ा एनकाउंटर, पाकिस्तानी लश्कर कमांडर यासिर ढेर; आतंकी नेटवर्क की जांच

श्रीनगर, 05 सितंबर। J&K Encounter: जम्मू-कश्मीर के यूसमर्ग इलाके में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी लश्कर-ए-तैयबा कमांडर यासिर को मार गिराया। सूत्रों के हवाले से सुरक्षा एजेंसियां अब यासिर के नेटवर्क और उसके दूसरे आतंकियों से संपर्क की जांच कर रही हैं।

यूसमर्ग में सुरक्षाबलों से हुई मुठभेड़

सूत्रों के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर के बड़े सुलेमान मूसा ग्रुप का हिस्सा था। हालांकि करीब एक साल पहले वह इस ग्रुप से अलग हो गया था। इसके बाद वह अलग तरीके से काम कर रहा था और यूसमर्ग इलाके में लश्कर के एक प्रमुख कमांडर के तौर पर सक्रिय था। सुरक्षा बल लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। शनिवार को यूसमर्ग इलाके में सुरक्षाबलों और यासिर के बीच आमना-सामना हुआ, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने यासिर को मार गिराया।

यासिर के नेटवर्क की जांच शुरू

यूसमर्ग में हुआ यह एनकाउंटर जम्मू-कश्मीर में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों का हिस्सा है। अब सुरक्षा एजेंसियां यासिर के नेटवर्क, लश्कर के अन्य आतंकियों के साथ उसके संपर्क और हाल की किसी आतंकी गतिविधि की योजना बनाने या उसे अंजाम देने में उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही हैं।

बडगाम में भी मारा गया था एक आतंकी

इससे पहले शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में सेना और सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में पाकिस्तानी नागरिक होने के संदिग्ध एक आतंकी को मार गिराया गया था। इलाके में एक अन्य संदिग्ध आतंकी के छिपे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। यह ऑपरेशन भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त रूप से चलाया।

अशदर गली से यूसमर्ग तक संदिग्धों की ट्रैकिंग

अधिकारियों के मुताबिक, सेना ने पुंछ के अशदर गली से यूसमर्ग होते हुए पुलवामा के पाखेरपोरा की ओर बढ़ रहे संदिग्ध आतंकियों के एक समूह की गतिविधियों को ट्रैक किया था। सेना ने पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के ऊंचाई वाले पहाड़ी दर्रों से गुजर रहे इस समूह पर नजर रखी। इसके बाद 1 सितंबर को इलाके में घेराबंदी की गई थी। 3 सितंबर को अशदर गली में सुरक्षाबलों का आतंकियों से संपर्क हुआ था।

About The Author

ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय