कानपुर देहात, 31 अक्टूबर। Extramarital Affair : उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपने ही 23 वर्षीय बेटे की हत्या अपने प्रेमी और उसके भाई के साथ मिलकर कर दी। हत्या के पीछे की वजह इतनी चौंकाने वाली है कि सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया। मां ने बेटे के नाम पर कराई गई 40-40 लाख की चार बीमा पॉलिसियों की रकम हड़पने के लिए यह खौफनाक साजिश रची थी।
चार बीमा पॉलिसियों पर टिकी थी साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला ममता (42) ने बेटे प्रदीप के नाम पर 40-40 लाख रुपये की चार बीमा पॉलिसियां कराई थीं। योजना थी कि प्रदीप की मौत को दुर्घटना दिखाकर बीमा क्लेम किया जाए और रकम प्रेमी तथा उसके भाई के साथ बांट ली जाए।
ऐसे खुला हत्या का राज
27 अक्तूबर की सुबह कानपुर-इटावा हाईवे के बलहरामऊ गांव के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। पहचान प्रदीप के रूप में हुई, जो आंध्र प्रदेश में नौकरी करता था और दिवाली पर घर आया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने पकड़े गए आरोपी ऋषि कटियार उर्फ सुक्खा से पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। उसने कबूल किया कि उन्होंने प्रदीप को होटल में खाना खिलाने के बहाने बुलाया, फिर रास्ते में हथौड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को हाईवे किनारे फेंक दिया ताकि यह सड़क हादसा लगे।
मुठभेड़ में पकड़ा गया प्रेमी
प्रदीप का शव मिलने के बाद जहां पुलिस पहले दुर्घटना बता रही थी। वहीं मृतक के बाबा जगदीश नारायण ने पुलिस को ममता और मयंक के प्रेम संबंधों का हवाला दिया और ग्रामीणों ने भी थाने में हंगामा किया जिसपर पुलिस ने मयंक और ऋषि पर हत्या का मामला दर्ज कराया। इधर पुलिस मयंक और ऋषि की तलाश में जुटी थी। तभी अंगदपुर के पास पुलिस टीम ने ऋषि को घेरा तो ऋषि ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया, जवाबी फायरिंग में ऋषि के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से देशी तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। बीती शाम मयंक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रतीक हथौड़ी भी बरामद कर ली।
प्रेम और लालच की खतरनाक कहानी
पूछताछ में मयंक ने बताया कि प्रदीप के पिता संदीप कुमार की मौत के बाद उसकी मां ममता से उसके अवैध संबंध बन गए थे। जब बेटे प्रदीप को यह बात पता चली, तो उसने विरोध किया। इसके बाद तीनों ने मिलकर यह राक्षसी साजिश रची, पहले बीमा करवाया जाए, फिर बेटे को रास्ते से हटाकर रकम हथिया ली जाए।
एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि प्रेमी ऋषि कटियार और उसका भाई मयंक गिरफ्तार हैं, दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। मां ममता फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। बताया गया कि ऋषि के खिलाफ पहले से चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं।

