Congress के जिला अध्यक्षों की पहली बैठक संपन्न…! संगठन सुदृढ़ीकरण और 14 दिसंबर की महारैली पर रणनीति तय

Congress के जिला अध्यक्षों की पहली बैठक संपन्न…! संगठन सुदृढ़ीकरण और 14 दिसंबर की महारैली पर रणनीति तय

रायपुर, 06 दिसंबर। Congress के नवनियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों की पहली बैठक आज राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एआईसीसी प्रभारी सचिव जरिता लेतफ्लांग एवं विजय जांगिड़, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक में नवनियुक्त जिला अध्यक्षों का स्वागत, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में व्यापक सहभागिता तथा जिलों में मासिक बैठकें आयोजित करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

संगठन सृजन और सरकार के खिलाफ लड़ाई तेज करने का आह्वान

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संगठन सृजन का कार्य पहली बार बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक हुआ है और आलाकमान ने नए जिला अध्यक्षों पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, भ्रष्ट सरकार के खिलाफ लड़ाई को और तेज करना है। जनता के मुद्दों पर आवाज उठानी है और आने वाले तीन वर्षों में सरकार को हर मोर्चे पर घेरना है। संगठन की मजबूती, सोशल मीडिया टीम का गठन, प्रकोष्ठों की नियुक्ति और 14 दिसंबर की रैली में अधिकतम उपस्थिति हमारी प्राथमिकता है।

किसान, जमीन गाइडलाइन, बिजली और कर वृद्धि पर सरकार पर हमला

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन सृजन का कार्य संतोषजनक ढंग से पूरा हुआ है। उन्होंने धान खरीदी में किसानों से वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के साथ सामंजस्य और जिला स्तर पर सेवादल को मजबूत करने पर जोर दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार ने किसानों की धान खरीदी में मूर्खतापूर्ण निर्णय लिए हैं जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि, किसानों को ऑनलाइन टोकन में भारी दिक्कतें आ रही हैं। जमीन की गाइडलाइन दर और रजिस्ट्री फीस बढ़ने से व्यापारी-व्यवसायी सड़क पर आ गए हैं। दुर्ग में व्यापारियों पर लाठीचार्ज हुआ। संपत्ति कर हर साल बढ़ाने का निर्णय आम लोगों पर बोझ बनेगा। नकली शराब और नकली होलोग्राम के मामलों में सरकार विफल हो रही है। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा सरकार के फासीवाद और भ्रष्टाचार को उजागर करना होगा।

संगठनात्मक बैठकों पर सख्त निर्देश

एआईसीसी सचिव एवं सह-प्रभारी जरिता लेतफ्लांग ने कहा कि सभी जिलों, ब्लॉकों, मंडलों और बूथों में नियमित बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएँ, सिर्फ जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें।सह-प्रभारी विजय जांगिड़ ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में मासिक बैठक अनिवार्य होगी तथा महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्षों को भी बुलाकर उनके सुझावों को स्थान दिया जाएगा।

बैठक में बड़ी संख्या में जिला अध्यक्ष उपस्थित

बैठक में प्रदेश के सभी जिलों एवं शहरों से नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित हुए जिनमें रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, दुर्ग, भिलाई, बेमेतरा, राजनांदगांव, बस्तर, सुकमा, कोंडागांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, शक्ति, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जिला अध्यक्ष शामिल थे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री दीपक मिश्रा, सकलेन कामदार एवं संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला भी उपस्थित रहे।

About The Author

राजनीति