Retail Trade Policy : राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की 8वीं बैठक दिल्ली में संपन्न…! रिटेल ट्रेड पॉलिसी पर अमर पारवानी ने रखे अहम सुझाव

Retail Trade Policy : राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की 8वीं बैठक दिल्ली में संपन्न…! रिटेल ट्रेड पॉलिसी पर अमर पारवानी ने रखे अहम सुझाव

नई दिल्ली/रायपुर, 09 जनवरी। Retail Trade Policy : भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की आठवीं बैठक नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में व्यापार एवं उद्योग की प्रगति के साथ-साथ विकसित भारत–विकसित व्यापार के संकल्प को साकार करने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं छत्तीसगढ़ से प्रतिनिधि अमर पारवानी ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान अब तक व्यापारियों के कल्याण के लिए की गई विभिन्न पहलों की गहन समीक्षा की गई। विशेष रूप से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, रिटेल सेक्टर को सशक्त बनाने तथा देशभर से प्राप्त रिटेल ट्रेड पॉलिसी से जुड़े सुझावों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

रिटेल ट्रेड पॉलिसी पर छत्तीसगढ़ की मजबूत प्रस्तुति

बैठक का मुख्य आकर्षण रहा रिटेल ट्रेड पॉलिसी को लेकर अमर पारवानी द्वारा चेयरमैन सुनील सिंघी के साथ की गई विस्तृत चर्चा। उन्होंने रिटेल व्यापार से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों, छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के हितों की सुरक्षा, नीति में स्पष्टता और समान अवसर सुनिश्चित करने जैसे अहम मुद्दों को मजबूती से रखा। इन बिंदुओं पर चेयरमैन द्वारा सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया गया।

नीति निर्माण में व्यापारियों की भागीदारी पर जोर

अमर पारवानी ने रिटेल ट्रेड पॉलिसी से जुड़े सुझावों के संकलन और उन्हें नीति निर्माण में शामिल किए जाने पर विशेष बल दिया। साथ ही राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता बढ़ाने के उपायों पर भी विचार किया गया।

बैठक में 9 मंत्रालयों के संयुक्त सचिव, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा देशभर से राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के नामित सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author

व्यापार