हैदराबाद, 14 जनवरी। Animal Cruelty : तेलंगाना में आवारा कुत्तों की कथित हत्या का एक और गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कामारेड्डी जिले में करीब 200 आवारा कुत्तों को कथित तौर पर मार दिया गया है। इसके साथ ही बीते एक सप्ताह में राज्य के अलग-अलग इलाकों में मारे गए कुत्तों की संख्या लगभग 500 तक पहुंच गई है।
ग्रामीण सूत्रों का आरोप है कि हाल में हुए ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए कुछ नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने आवारा कुत्तों को मरवाया। बताया जा रहा है कि इन वादों में गांवों में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की बात कही गई थी। इस मामले में कुछ सरपंचों की संलिप्तता भी सामने आई है।
सरपंचों सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
कामारेड्डी पुलिस ने पांच गांवों के सरपंचों सहित कुल छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
इससे पहले हनमकोंडा जिले के श्यामपेट और अरेपल्ली गांवों में जनवरी के पहले सप्ताह में करीब 300 आवारा कुत्तों को कथित तौर पर जहर देकर मारने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण में दो महिला सरपंचों, उनके पतियों, ग्राम पंचायत सचिवों और दो अन्य लोगों सहित कुल नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
शवों को निकलवाकर कराया गया पोस्टमॉर्टम
पुलिस के अनुसार, मारे गए कुत्तों के शव गांवों के बाहरी इलाकों में दफनाए गए थे। पशु चिकित्सा विभाग की टीमों ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के सही कारण और इस्तेमाल किए गए जहर के प्रकार का पता लगाने के लिए विसरा के नमूने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजे गए हैं।
पशु कल्याण कार्यकर्ता ने दर्ज कराई शिकायत
पशु कल्याण कार्यकर्ता अदुलापुरम गौतम ने सोमवार को मचारेड्डी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पालवांचा मंडल के भावनीपेट, पालवांचा, फरीदपेट, वाडी और बंदारमेश्वरापल्ली गांवों में पिछले दो-तीन दिनों के दौरान करीब 200 आवारा कुत्तों की हत्या की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरपंचों के निर्देश पर एक व्यक्ति को जहरीले इंजेक्शन देने के लिए नियुक्त किया गया था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

