Dau Agrawal Samaj : दाऊ अग्रवाल समाज का 50वां स्वर्णिम अधिवेशन…! रायपुर में 18 जनवरी को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन…देशभर के कवि होंगे शामिल…मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह

Dau Agrawal Samaj : दाऊ अग्रवाल समाज का 50वां स्वर्णिम अधिवेशन…! रायपुर में 18 जनवरी को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन…देशभर के कवि होंगे शामिल…मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह

रायपुर, 15 जनवरी। Dau Agrawal Samaj : छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता और सर्वसमाज की सेवा को समर्पित छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज द्वारा 18 जनवरी 2026 को रायपुर में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज के 50वें स्वर्णिम वार्षिक अधिवेशन के अवसर पर आयोजित होगा। कार्यक्रम स्थल बूढ़ा तालाब स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम रहेगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के लगभग 22 जिलों की इकाइयों से करीब 5000 सदस्य अधिवेशन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में विजय शर्मा, अरुण साव, भूपेश बघेल, ब्रजमोहन अग्रवाल, किरण देव सहित रायपुर की महापौर एवं शहर के सभी विधायक उपस्थित रहेंगे।

400 वर्षों की छत्तीसगढ़ से जुड़ी विरासत

छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1627 ईस्वी में मुगल बादशाह शाहजहां के अत्याचारों से त्रस्त होकर अग्रवाल समाज के पूर्वज छत्तीसगढ़ आए और यहां की संस्कृति, परंपराओं व त्योहारों को आत्मसात कर छत्तीसगढ़िया बन गए। छत्तीसगढ़ महतारी से मिले प्रेम और सम्मान के बदले समाज ने शिक्षा, स्वास्थ्य, जलस्रोत, धार्मिक स्थलों और सामाजिक संस्थानों के निर्माण के माध्यम से प्रदेश के विकास में निरंतर योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण से पहले ही समाज ने संगठित होकर विकास कार्यों की नींव रख दी थी। समाज का उद्देश्य सदैव छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक समरसता और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना रहा है।

समरसता के संदेश के साथ राष्ट्रीय कवि सम्मेलन

इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए इस वर्ष समाज द्वारा छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता को समर्पित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस साहित्यिक संध्या में छत्तीसगढ़ में निवासरत आदिवासी, तेली, कुर्मी, यादव, सोनकर, निषाद सहित सभी समाजों तथा अन्य प्रदेशों से आकर छत्तीसगढ़ को कर्मभूमि बनाने वाले नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, स्वास्थ्य, यातायात, जन-जागरण और वृद्धजनों के लिए वानप्रस्थ (वृद्धाश्रम) निर्माण जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

देश के नामी कवियों की सजेगी महफिल

राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में देश के प्रख्यात कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगे। इसमें देवास से कवि व संचालक डॉ. शशिकांत यादव, मेरठ के वीर रस कवि डॉ. हरिओम पवार, बिहार के हास्य सम्राट कवि शंभु शिखर, प्रतापगढ़ के पैरोडीकार पार्थ नवीन, छत्तीसगढ़ के गीतकार रमेश विश्वहास, आगरा की गीत-गजल कवयित्री योगिता चौहान तथा छत्तीसगढ़ के कवि भरत द्विवेदी शामिल होंगे।

यह यादगार साहित्यिक संध्या रविवार 18 जनवरी 2026 को शाम 6:30 बजे से आयोजित होगी। छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज ने प्रदेश के समस्त नागरिकों से इस आयोजन में शामिल होकर सामाजिक समरसता के इस उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज महाराजा अग्रसेन के वंशज हैं और दानशीलता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

About The Author

मनोरंजन