Chhattisgarh Journalism Awards 2026: पत्रकारों के लिए बड़ी खबर! छत्तीसगढ़ में ₹50 हजार के पत्रकारिता पुरस्कार; 8 सितंबर तक करें आवेदन, पूरी प्रक्रिया यहां देखें

Chhattisgarh Journalism Awards 2026: पत्रकारों के लिए बड़ी खबर! छत्तीसगढ़ में ₹50 हजार के पत्रकारिता पुरस्कार; 8 सितंबर तक करें आवेदन, पूरी प्रक्रिया यहां देखें

रायपुर, 24 अगस्त। Chhattisgarh Journalism Awards 2026: छत्तीसगढ़ के पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राज्य शासन के जनसम्पर्क विभाग ने वर्ष 2026 के चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार और मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां और प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के तहत चयनित चार पत्रकारों को ₹50-₹50 हजार की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार के लिए आवेदन/प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तारीख 8 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

चार पत्रकारों को मिलेगा सम्मान

छत्तीसगढ़ शासन के जनसम्पर्क विभाग के मुताबिक दोनों पत्रकारिता पुरस्कारों के तहत कुल चार पत्रकारों का चयन किया जाएगा। चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के तहत दो पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया और दूसरा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। इसी तरह मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के तहत भी दो पत्रकारों का चयन होगा। इनमें एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया और दूसरा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए निर्धारित है। प्रत्येक चयनित पत्रकार को ₹50 हजार की सम्मान राशि दी जाएगी।

हिंदी और छत्तीसगढ़ी पत्रकारिता के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर पुरस्कार

चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रकाशित या प्रसारित उत्कृष्ट पत्रकारिता सामग्री पर विचार किया जाएगा। प्रिंट मीडिया में राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर पर प्रकाशित उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के हिंदी/छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम पात्र होंगे। सामग्री का संबंध छत्तीसगढ़ राज्य से होना आवश्यक है।

अंग्रेजी पत्रकारिता के लिए मधुकर खेर पुरस्कार

मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार अंग्रेजी भाषा में उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए दिया जाएगा। इसके लिए अंग्रेजी में प्रिंट मीडिया में प्रकाशित राष्ट्रीय/प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित राष्ट्रीय/राज्य स्तर के अंग्रेजी कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा। यह सामग्री भी छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित होनी चाहिए।

कौन दे सकता है आवेदन?

पुरस्कार के लिए पत्रकार स्वयं अपनी प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकते हैं।

इसके अलावा किसी उपयुक्त पत्रकार के लिए- पंजीकृत समाचार पत्र/पत्रिका, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थान, संपादकीय प्रमुख, छत्तीसगढ़ या भारत का कोई अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार भी प्रस्तावक बन सकता है।

एक प्रकाशित या प्रसारित सामग्री करनी होगी संलग्न

आवेदन के साथ पुरस्कार के लिए विचारार्थ किसी एक प्रकाशित/प्रसारित सामग्री की सत्यापित कतरन या CD/DVD के रूप में छह प्रतियां संलग्न करनी होंगी। आवेदक या प्रस्तावक को यह प्रमाण पत्र भी देना होगा कि पुरस्कार के लिए प्रस्तुत किए गए तथ्य वास्तविक हैं।

8 सितंबर तक भेजना होगा आवेदन

प्रविष्टि/प्रस्ताव 8 सितंबर 2026 तक संचालक, जनसम्पर्क संचालनालय, भूतल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)-492002 के पते पर भेजे जा सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में सीलबंद लिफाफे में पंजीकृत डाक से भेजना होगा।

लिफाफे के ऊपर स्पष्ट रूप से संबंधित पुरस्कार का नाम लिखना जरूरी होगा-

‘चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2026’

या

‘मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2026’

निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त प्रविष्टियों या प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा। डाक में होने वाली देरी के लिए जनसम्पर्क संचालनालय जिम्मेदार नहीं होगा।

प्रविष्टियां पुरस्कार वर्ष के सितंबर माह से पहले के एक वर्ष की अवधि में किए गए रचनात्मक लेखन या रिपोर्टिंग से संबंधित होनी चाहिए। यानी पत्रकारों को निर्धारित अवधि में प्रकाशित/प्रसारित अपनी उत्कृष्ट पत्रकारिता सामग्री के आधार पर आवेदन करना होगा।

आवेदन प्रारूप कहां मिलेगा?

पुरस्कार से संबंधित नियम और आवेदन का निर्धारित प्रारूप छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। पत्रकारों को आवेदन करने से पहले पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी जाती है।

About The Author

छत्तीसगढ