ग्वालियर, 25 अगस्त। Fine for Kissing Car : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इन दिनों एक कार अपने मॉडल, कीमत या स्पीड की वजह से नहीं, बल्कि अपने अनोखे लुक के कारण चर्चा में है। सड़क पर निकली इस कार की पूरी बॉडी पर लाल लिपस्टिक से बने होंठों के निशान नजर आए। दावा किया गया कि कार पर करीब 3400 Kiss के निशान बनाए गए थे।
कार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में दिखाई दे रहे नंबर के आधार पर कार को ट्रेस किया और थाटीपुर इलाके से पकड़ लिया।
गर्लफ्रेंड ने दिया था कार सजाने का आइडिया
कार के मालिक की पहचान आदित्य सिकरवार के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, उनकी गर्लफ्रेंड एक विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित हुई थीं। इसी ट्रेंड को फॉलो करते हुए कार को लिपस्टिक के हजारों Kiss से सजाने का आइडिया आया। बताया जा रहा है कि कार को इस तरह सजाने में करीब 3.5 से 4 घंटे लगे। कार की बॉडी पर जगह-जगह लाल लिपस्टिक से होंठों के निशान बनाए गए थे। शुरुआत में यह कार मालिक के लिए प्यार जताने का एक अनोखा तरीका था, लेकिन सड़क पर उतरते ही यह लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘Kiss वाली कार’
कार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल होने लगे। लोग कार के अनोखे लुक को देखकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे।
किसी ने इसे प्यार जताने का अनोखा अंदाज बताया तो किसी ने सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की कार चलाने को लेकर सवाल उठाए। वायरल तस्वीरें आखिरकार ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गईं।
नंबर देखकर पुलिस ने कार को ट्रेस किया
ट्रैफिक पुलिस ने वायरल तस्वीरों को देखा। तस्वीर में कार का नंबर साफ दिखाई दे रहा था। पुलिस ने इसी नंबर के आधार पर वाहन की जानकारी जुटाई और कार की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद थाटीपुर इलाके से कार को पकड़ लिया गया। पुलिस ने कार मालिक को मौके पर बुलाकर पूछताछ की।
3400 Kiss पड़े ₹5,500 में!
कार को हजारों Kiss से सजाने का आइडिया भले ही प्यार जताने के लिए था, लेकिन आखिरकार यही Kiss कार मालिक को महंगे पड़ गए।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन के खिलाफ ₹5,500 का चालान किया। पुलिस के मुताबिक, इस तरह के निशानों के साथ वाहन सड़क पर चलाना यातायात नियमों के उल्लंघन के दायरे में आया।
कार मालिक ने कार्रवाई के बाद अपनी गलती स्वीकार की।
पुलिस ने कार मालिक से ही साफ करवाए Kiss के निशान
चालान के बाद कार पर बने लिपस्टिक के निशान हटाए गए। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कार मालिक ने खुद अपने हाथों से कार से सभी निशान हटाए और बाद में वाहन को पानी से साफ कराया गया। पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कार की बॉडी पर बने लिपस्टिक के निशान सड़क पर चलते समय नजर न आएं।
ट्रैफिक पुलिस ने क्या कहा?
ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस के टीआई अभिषेक रघुवंशी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लिपस्टिक के निशान वाली कार की तस्वीर सामने आई थी। तस्वीर में वाहन का नंबर दिखाई दे रहा था। नंबर के आधार पर कार की जानकारी जुटाई गई और उसे थाटीपुर क्षेत्र से पकड़ा गया। पूछताछ के बाद वाहन पर यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर ₹5,500 की चालानी कार्रवाई की गई।

