Jaipur Murder Case: दिल दहला देने वाली वारदात: देर रात पत्नी और 3 बेटियों की हत्या; सुबह दूध लिया और बुजुर्ग पिता को चाय पिलाकर फरार हुआ आरोपी

Jaipur Murder Case: दिल दहला देने वाली वारदात: देर रात पत्नी और 3 बेटियों की हत्या; सुबह दूध लिया और बुजुर्ग पिता को चाय पिलाकर फरार हुआ आरोपी

जयपुर, 11 सितंबर। Jaipur Murder Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। करधनी थाना क्षेत्र के गोविंद वाटिका में एक महिला और उसकी तीन बेटियों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान गीता झा और उनकी बेटियां नंदिनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) के रूप में हुई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि वारदात शुक्रवार तड़के से पहले देर रात की गई। आरोप है कि घर के मुखिया राहुल झा ने सो रही पत्नी और बेटियों पर पत्थर से हमला किया। चारों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल से एक पत्थर भी मिला है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

वारदात के बाद क्या हुआ?

पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि आरोपी ने कथित तौर पर वारदात के बाद भी सामान्य तरीके से सुबह की दिनचर्या निभाई। पुलिस के मुताबिक, राहुल झा सुबह करीब 7 बजे दूध लेने गया। इसके बाद घर लौटकर उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई। इसके बाद वह घर से निकल गया और फरार हो गया।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को चार लोगों की हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली। पहली मंजिल के एक कमरे में गीता झा का शव मिला, जबकि ग्राउंड फ्लोर के अलग-अलग कमरों में उनकी तीन बेटियों के शव मिले।

आर्थिक परेशानी का एंगल भी जांच में

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से करीब तीन दिन पहले राहुल झा ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बाद पुलिस आर्थिक परेशानी के एंगल की भी जांच कर रही है। राहुल झा के बारे में बताया गया है कि वह शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और कुछ दिन पहले ही गुजरात से जयपुर लौटा था। उसकी पत्नी गीता झा घर की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थीं। बड़ी बेटी नंदिनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी भी करती थी।

फिलहाल पुलिस आर्थिक परेशानी, शेयर ट्रेडिंग में संभावित नुकसान और पारिवारिक विवाद समेत कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा। जयपुर पुलिस आरोपी राहुल झा की तलाश में जुटी है।

About The Author

जुर्म