रायपुर, 30 अक्टूबर। CG Crop Damage Survey: छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण फसलों को हुए नुकसान के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित किसानों को राहत देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने और पात्र किसानों को जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा है।
RBC 6-4 के तहत मिलेगी सहायता राशि
मुख्यमंत्री साय ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन किया जाए। इसके बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि दी जाए।
सर्वे और मुआवजा वितरण में देरी नहीं करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि फसल क्षति के सर्वेक्षण से लेकर राहत राशि के वितरण तक किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करे, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके।
किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के इस निर्देश के बाद अब प्रभावित जिलों में फसल क्षति के सर्वेक्षण और पात्र किसानों को सहायता राशि मिलने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

