जगदलपुर, 28 अक्टूबर। Maoist Weapons Recovered: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान 100 सुतली बम, चार राइफलें, एक एयरगन, वायरलेस उपकरण और माओवादी वर्दी का कपड़ा जब्त किया गया।
जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान मिला हथियारों का डंप
गढ़चिरौली पुलिस को मिली सूचना के आधार पर विशेष अभियान टीम ने वांगेटूर थाना क्षेत्र के मचुवांचा जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री मिली।
ये हथियार और सामग्री हुई बरामद
पुलिस की कार्रवाई में निम्न सामग्री जब्त की गई-
- 1 बैरल बोर राइफल
- 3 सिंगल शॉट राइफल
- 1 एयरगन
- वायरलेस उपकरण
- 100 सुतली बम
- माओवादी वर्दी का कपड़ा
पुलिस के अनुसार, विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अभियान में पुलिस की विशेष टीम, इंटेलिजेंस सेल और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) शामिल थे। इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा अभियान को मजबूती देने में मदद मिलने की उम्मीद है।

