रायपुर, 28 अक्टूबर। MLA: रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने त्रिमूर्ति नगर शासकीय स्कूल को बड़ी सौगात दी है। वीरांगना अवंति बाई लोधी वार्ड क्रमांक 6 के जागृति नगर स्थित स्कूल परिसर में विधायक निधि से 10 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड का निर्माण कराया जाएगा। विधायक पुरंदर मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
विधायक निधि से होगा प्रार्थना शेड का निर्माण
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर निगम वित्त विभाग के अध्यक्ष महेन्द्र खोडियार, वार्ड पार्षद खगपति सोनी, एल्डरमेन गोपाल सोना और जोन-2 के कार्यपालन अभियंता पीडी घृतलहरे सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
MLA पुरंदर मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत राशि के अनुसार निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने को कहा।
विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
प्रार्थना शेड बनने से स्कूल के विद्यार्थियों को सामूहिक प्रार्थना और अन्य विद्यालयीन गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। वार्ड पार्षद खगपति सोनी ने निर्माण कार्य के लिए विधायक पुरंदर मिश्रा का आभार जताया। इस पहल से स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।

