रायपुर, 30 अक्टूबर। Ahiwara MLA: छत्तीसगढ़ की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। 78 वर्ष की उम्र में उन्होंने तेलंगाना के हैदराबाद स्थित यशोदा अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। विधायक के निधन की खबर मिलते ही भाजपा संगठन, कार्यकर्ताओं और उनके क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पत्नी को अब तक नहीं दी गई खबर
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार के मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक ललित चंद्राकर उनके परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। संवेदनशील पहलू यह है कि उनकी धर्मपत्नी कमला कोर्सेवाड़ा को अभी तक उनके निधन की दुखद जानकारी नहीं दी गई है।
शिक्षक से विधायक तक का 26 साल का शानदार सफर
12 अगस्त 1948 को जन्मे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने राजनीति में आने से पहले शिक्षा के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान दिया। 1972 में उन्होंने सहायक शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। 1998 में शिक्षा विभाग में 26 वर्षों तक सेवाएं देने और व्याख्याता के पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अहिवारा क्षेत्र में अपनी एक मजबूत सामाजिक व राजनीतिक पहचान बनाई।
2008 में पहली और 2023 में दूसरी बार चुने गए विधायक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पहली बार वर्ष 2008 में अहिवारा सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में उन्होंने दोबारा शानदार जीत हासिल की। जनसेवा और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘गुरु घासीदास सम्मान’ से सम्मानित किया जा चुका था। नवंबर 2025 में उन्हें राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जताया शोक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा- ‘भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता एवं अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक एवं स्तब्ध कर देने वाला है। उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’

