रायपुर, 03 नवंबर। CG Rajyotsava 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आज भव्य समापन होने जा रहा है। समापन समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायपुर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैं। राज्योत्सव के अंतिम दिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के साथ प्रदेश की प्रतिष्ठित विभूतियों को राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
रायपुर में करीब 5 घंटे रहेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रायपुर दौरा करीब पांच घंटे का निर्धारित है। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद उनका कार्यक्रम नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित ‘पीपल वन’ का है, जहां वे ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद अमित शाह नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्य की विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण सम्मान
राज्योत्सव के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को राज्य अलंकरण सम्मान से नवाजा जाएगा। कला, संस्कृति, समाजसेवा और खेल सहित अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
पंडवानी से लेकर बॉलीवुड संगीत तक
राज्योत्सव का समापन समारोह छत्तीसगढ़ की लोककला और संगीत के नाम रहेगा। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रसिद्ध पंडवानी शैली से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगी।
रात 9 बजे के बाद अभिजीत भट्टाचार्य की म्यूजिकल परफॉर्मेंस
राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य होंगे। रात 9 बजे के बाद उनकी म्यूजिकल परफॉर्मेंस आयोजित होगी। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शक संगीत का आनंद ले सकेंगे। तीन दिवसीय राज्योत्सव का यह समापन समारोह छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, विकास और उपलब्धियों को समर्पित रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी और राज्य अलंकरण सम्मान समारोह के चलते आज का आयोजन खास महत्व रखता है।

