CG Vyapam Exam: ब्रेकिंग! छत्तीसगढ़ व्यापमं की परीक्षाओं में बड़ा बदलाव, आधार और ई-केवाईसी से होगी पहचान; GAD ने जारी की नई अधिसूचना

CG Vyapam Exam: ब्रेकिंग! छत्तीसगढ़ व्यापमं की परीक्षाओं में बड़ा बदलाव, आधार और ई-केवाईसी से होगी पहचान; GAD ने जारी की नई अधिसूचना

रायपुर, 03 नवंबर। CG Vyapam Exam: छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने की दिशा में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। इसके तहत छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG व्यापमं) को अपनी परीक्षाओं के विभिन्न चरणों में अभ्यर्थियों की पहचान स्थापित करने के लिए आधार प्रमाणीकरण की अनुमति दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार, आधार प्रमाणीकरण का उपयोग मंडल द्वारा आयोजित परीक्षाओं के अलग-अलग चरणों में और चयनित अभ्यर्थियों के कार्यभार ग्रहण करने के समय पहचान सत्यापन के लिए किया जा सकेगा। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया में शामिल परीक्षा कार्यकारियों की पहचान की पुष्टि के लिए भी इस व्यवस्था का उपयोग किया जा सकेगा।

आधार और ई-केवाईसी से होगा पहचान सत्यापन

जारी अधिसूचना में बताया गया है कि आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया हां/नहीं (Yes/No) अथवा ई-केवाईसी (e-KYC) प्रमाणीकरण सुविधा के माध्यम से की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रतिरूपण, दोहराव और धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों को रोकना तथा परीक्षा प्रक्रिया में सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

स्वैच्छिक आधार पर होगा आधार प्रमाणीकरण

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित उद्देश्य के लिए आधार प्रमाणीकरण स्वैच्छिक आधार पर किया जाएगा। यानी इस व्यवस्था का उपयोग पहचान स्थापित करने के लिए किया जाएगा।

11 सितंबर की पुरानी अधिसूचना को किया गया अधिसमित

सामान्य प्रशासन विभाग की नई अधिसूचना का क्रमांक RULE-801/86/2026-GAD-1 है। इसमें विभागीय अधिसूचना क्रमांक RULE-801/86/2026-GAD-1, दिनांक 11 सितंबर 2026 को अधिसमित करने का उल्लेख किया गया है। इस व्यवस्था से व्यापमं की परीक्षा प्रक्रिया में अभ्यर्थियों और परीक्षा कार्यकारियों की पहचान सत्यापित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और धोखाधड़ी मुक्त बनाना है।

About The Author

Raipur ब्रेकिंग न्यूज़