खेल

India vs New Zealand : विराट कोहली की सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड तोड़ने पर नजर, रोहित शर्मा के पास भी है मौका

नई दिल्ली, 17 जनवरी। India vs New Zealand : भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जनवरी 2023 से 3 मैच की एकदिवसीय सीरीज का आगाज होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज वनडे विश्व कप के लिहाज से यूं तो टीम इंडिया के लिए काफी अहम है, लेकिन विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए निजी उपलब्धियों में बढ़ोतरी करने को लेकर भी खास रहेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली की नजर सचिन तेंदुलकर का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने पर होगी। वहीं, रोहित शर्मा के पास भी महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ने का मौका होगा।

विराट कोहली एकदिवसीय मुकाबलों में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में अभी दूसरे नंबर पर हैं। पहले नंबर पर महान सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 वनडे इंटरनेशनल में 46.05 के औसत से 1750 रन बनाए थे। इसमें उनके 5 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।

विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 26 वनडे इंटरनेशनल में 59.91 के औसत से 1378 रन बनाए हैं। विराट कोहली भी न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 शतक और 8 अर्धशतक लगा चुके हैं। यदि आगामी सीरीज के दौरान विराट कोहली एक और शतक और एक और अर्धशतक लगाते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। विराट कोहली यदि सीरीज में दो शतक लगाते हैं तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है। सहवाग ने 23 वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 शतक लगाए थे।

रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों में 9वें नंबर पर हैं। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 24 वनडे में 33.47 के औसत से 703 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और 4 अर्धशतक भी शामिल है। रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में यदि 238 रन और बना लेते हैं तो वह महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए 7वें नंबर पर पहुंच जाएंगे। एमएस धोनी ने अपने वनडे करियर के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ 28 मैच में 49.47 के औसत से 940 रन बनाए थे। अभी 8वें नंबर पर अजय जडेजा हैं। अजय जडेजा ने 28 वनडे में 43.57 के औसत से 828 रन बनाए थे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 1975 से अब तक 113 एकदिवसीय मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने 55 में जीत हासिल की, जबकि 50 में उसे हार झेलनी पड़ी है। एक मैच टाई रहा और 7 का परिणाम नहीं निकल पाया। जनवरी 2022 से अब तक दोनों के बीच 3 एकदिवसीय मैच खेले गए हैं। इसमें भारतीय टीम एक में भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में आखिरी जीत 3 फरवरी 2019 को हासिल की थी। इसके बाद से दोनों के बीच 8 वनडे मैच खेले गए और भारतीय टीम एक बार भी नहीं जीत पाई और पांच मैच गंवाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button