छत्तीसगढ

कांग्रेस सरकार बनाने में मछुआरों का अहम योगदान : कृषि मंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाने में मछुआरों का अहम योगदान है। जल और जलाशय का सबसे पहला अधिकार मछुआरे भाईयों का है। यह बात गुरुवार को शंकर नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ‘राजीव भवन’ में मछुआ कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कही।

बैठक में मुख्य रुप से मछुआ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एम.आर. निषाद, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, प्रदेश प्रभारी महामंत्री दिनेश फूटान, महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री कैवर्त्य , प्रदेश सचिव नरेश निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि निषाद सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में पदाधिकारियों ने कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। वहीं मंच का संचालन प्रदेश प्रभारी महामंत्री दिनेश फूटान ने किया। इस अवसर पर मछुआ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एम.आर. निषाद ने कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मछुआरों की समस्याओं से अवगत कराया। वहीं विभिन्न जिलों से आए मछुआ कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी सीधा मंत्री जी को मछली पालन में हो रही समस्या और असुविधा से अवगत कराते हुए आवेदन प्रस्तुत किया।

कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने आगे कहा कि, मछुआरे भाईयों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने भूपेश सरकार प्रतिबध्द है। मछुआरे भाईयों की परम्परागत व्यवसाय मछली पालन रहा है लेकिन अब यह व्यवसाय बन चुका है। उन्होंने मछली पालन में ठेका पध्दति को लेकर कहा कि, मछुआरे भाई केवल फिशिंग, लेटिन और पेकिंग ही करते रह जाते है। आगे बढ़ नाते पाते हैं जबकि बड़े ठेकेदार अधिक मुनाफा कमाते हैं। लेकिन हमारे मछुआरे भाईयों को आगे आकर मछलीपालन पर ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है।

बैठक में गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने मछली नीति में संशोधन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि, समान मछली नीति में संशोधन से ही समाज विकास की ओर अग्रसर हो सकेगा। उन्होंने कहा कि, मछुआरों को उनका अधिकार दिलाने में भूपेश सरकार मछुआरों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि, मछली पालन में ठेका पध्दति बंद होना चाहिए। श्री निषाद ने कहा कि, मछुआ समाज की एकता और आशीर्वाद के बल पर आज मैं विधायक हूं और मैं चाहता हूं कि समाज से ही एक और विधायक तैयार हो जो सामाजिक समस्याओं को उठाकर उसका निराकरण करने में सक्षम हो।

मछुआ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एम.आर. निषाद ने कहा कि, प्रदेश के मछुआरों ने पूर्ववर्ती रमन सरकार के समय धरना प्रदर्शन और जनजागरण कर समाज की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन भाजपा सरकार ने पूर्वग्राह से लगातार हमें अनदेखा किया। उन्होंने कहा कि, मछली नीति में संशोधन और समाज के बच्चों को शिक्षा और नौकरी में अनुसूचित जनजाति के समान लाभ मिले यही कांग्रेस सरकार से उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में तभी मजबूती आएगी जब मछुआ समितियों की समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान होगा। कार्यक्रम के समापन में महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री कैवर्त्य ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button