छत्तीसगढ

भूपेश सरकार 72 घण्टे में भुगतान के केंद्रीय कानून को लागू करने से डर रही हैं: विष्णुदेव साय

रायपुर, 11 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कांग्रेस की वर्चुअल किसान रैली पर जम कर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में कांग्रेस केंद्रीय कृषि कानून को ले कर भ्रम फैलाने के काम में प्रत्यक्ष रूप से विफल रही हैं। आज किसान भाई कांग्रेस के इस झूठ और भ्रम को समझ चुके हैं और इसीलिए छत्तीसगढ़ में पिछले दिनों काँग्रेस की पद यात्रा और धरने में एक भी किसान भाई नजर नहीं आये जिससे कांग्रेस के झूठ पर से पर्दा उठ गया। किसानों को आपने आंदोलन में जोड़ने में विफल कांग्रेस वर्चुअल माध्यम का प्रयोग कर फिर एक बार अपनी नाकामी छुपाने में जुटी हैं पर आज भी किसानों ने कांग्रेस को नकार दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री केंद्रीय कानून से भयभीत हैं उन्हें डर सता रहा हैं कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाया गया केंद्रीय कृषि कानून किसान भाइयों के हित में हैं और कृषि कानून में स्पष्ट प्रावधान हैं कि किसान भाइयों को किसान हितैषी कृषि कानून के तहत 72 घंटे में भुगतान करना ही होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भोले भाले किसानों के बीच भ्रम फैलाने वाले, झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल क्यों किश्तों में भुगतान कर प्रदेश के किसानों के साथ छल कर रहे हैं? क्यों प्रदेश के किसानों को अपने खून पसीने की कमाई के भुगतान के लिए कांग्रेस के नेताओं की पुण्यतिथि और जयंती का इंतजार करना पड़ रहा हैं? इस बात का जवाब प्रदेश के मुखिया का देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि एमएसपी और मंडी बंद होने का भ्रम फैलाने वाले भूपेश बघेल यदि दम हैं तो शपथ पत्र दे कर न्यायालय में जा कर बताएं आपके झूठ और भ्रम में कितना दम हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री बघेल से पूछा हैं कि केंद्रीय कृषि कानून में कहां लिखा हैं एमएसपी बंद होगी, मंडी बंद होने की बात कहां लिखी हैं दम हैं तो बताएं मुख्यमंत्री जी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में दम हैं तभी उन्होंने किसानों के हित में निर्णय लिया और किसान हितैषी कृषि कानून पास किया जिसे देश व प्रदेश का माटी पुत्र किसान सहर्ष स्वीकार कर रहा हैं। दम तो कांग्रेस का निकल रहा हैं अपने आपको किसान हितैषी बताने वाली कांग्रेस और कांग्रेस के तथा कथित सोफा युक्त ट्रैक्टर पर सवार किसान नेताओं को बताना चाहिए कि किसान हितैषी कानून से उनके पेट में दर्द क्यों हो रहा है? एक देश एक बाजार जैसे कानून से किसानों को मिली आजादी से कांग्रेस को क्यों पीड़ा हो रही है? वर्षों तक किसानों का शोषण करने वाली, किसानों को उनके अधिकारों से वंचित रखने वाली कांग्रेस किसानों की आजादी से क्यों भयभीत व चिंतित नजर आ रही है?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पूछा है कि कब तक किसानों के बीच भ्रम फैलाने का काम करोगे उन्हें सच्चाई पता है कि प्रदेश की सरकार किस प्रकार किसानों को किश्तों में ठग रही है। प्रदेश में किसानों का गिरदावरी रिपोर्ट के नाम पर रकबा कम करने का षड्यंत्र कौन कर रहा है? प्रदेश की जनता बाखूबी जानती है। प्रदेश में धान खरीदी के नाम पर, कभी टोकन के नाम पर, कभी बारदाना के अभाव में और कभी धान खरीदी के तारीख के नाम पर छत्तीसगढ़ के भोले भाले किसान भाईयों को छलने, ठगने उनका रकबा कम करने यहां तक की माटी पुत्रों की कोठी की जांच कराने वाले आज किस मुंह से किसानों के समक्ष केन्द्रीय कृषि कानून को लेकर भ्रम फैलाने काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के नेता सत्ता के मद में स्वयं भ्रमित हैं उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं हैं कि प्रदेश का किसान उनकी सच्चाई जान चुका है और अब उनके बहकावे में नहीं आने वाला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने जनता और किसानों का विश्वास खो चुके मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेताओं के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की है और ईश्वर से उन्हें सद्बुध्दि देने व इस भ्रम से शीघ्र अति शीघ्र बाहर आने की प्रार्थना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button