Nuapada By-Election
नुआपाड़ा/ओडिशा, 08 नवंबर। Nuapada By-Election : ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जय ढोलकिया के समर्थन में छत्तीसगढ़ सरकार के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तीसरी बार विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और जोरदार प्रचार-प्रसार किया।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ग्राम तोर्रा, धरमबांधा, रतिपाली, दर्लिमुंडा, कन्डेतरा और मुंढ़ेला में नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उनके आगमन पर हर जगह उमड़ी भीड़ ने यह संदेश दिया कि नुआपाड़ा की जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है और विकास की दिशा में संकल्पित है।

नुक्कड़ सभाओं के दौरान उपस्थित जनता कमल का बटन दबाएंगे, भाजपा को जिताएंगे के नारों से गूंज उठी। गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास का जो मॉडल दिया है, वह जनता के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव ला रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान खरीद के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल, सुभद्रा योजना के तहत महिलाओं को 10 हजार रुपये, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर जैसी योजनाएं सभी वर्गों के उत्थान के लिए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा केवल चुनाव नहीं लड़ रही है, बल्कि विकास की लड़ाई लड़ रही है। जनता का समर्थन और विश्वास भाजपा की प्रचंड जीत का संकेत है। गुरु खुशवंत साहेब ने तीसरी बार नुआपाड़ा में जनता के बीच आने पर अपने अनुभव साझा किए और कहा कि जनता का स्नेह हर बार बढ़ता ही गया है। उन्होंने मतदान के अंतिम चरण में कमल के बटन दबाने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, प्रतिनिधि, कार्यकर्ता, ग्रामवासी और गणमान्यजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। हर जगह जोश और उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि नुआपाड़ा की जनता इस बार भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए तैयार है।
