Honored : अदम्य शौर्य दिखाने वाले नाविकों-गोताखोरों को CM ने किया सम्मान

रायपुर, 19 अगस्त। खारुन नदी में आत्महत्या के इरादे से कूदी मां-बेटी और दो बच्चों के अलावा एक और व्यक्ति को डूबने से बचाने वाले नाविकों और गोताखोरों को आज मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक सादे समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वेच्छानुदान मद से एक-एक लाख रुपए देने की स्वीकृति दी।
रायपुर विधायक विकास उपाध्याय के साथ नाविक एवं गोताखोर मछुवारा संघ समिति के पदाधिकारियों और गोताखोरों के साथ दोपहर में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाविक एवं गोताखोर मछुआरा संघ समिति महादेवघाट के अध्यक्ष लोकनाथ धीवर और उनके चार साथी गोताखोरों के साहस की सराहना की।
16 अगस्त को जान जोखिम में डालकर बचाया
नाविक एवं गोताखोर मछुआरा संघ समिति महादेवघाट के गोताखोरों ने 16 अगस्त को जीवन बचाने का यह साहस दिखाया था। उस दिन इन लोगों ने शाम चार बजे एक डूबते व्यक्ति को बचाया था। उसी दिन करीब शाम साढ़े 6 बजे के एक परिवार के 4 सदस्य आत्महत्या के इरादे से नदी में कूद गए थे। उनमें दो महिलाएं और दो बच्चे थे। नाविकों-गोताखोरों ने जान जोखिम में डालकर उन्हें डूबने से बचा लिया।