राष्ट्रीय

असम-मिजोरम के बीच खत्म हो रहा तनाव! सीएम बिस्वा ने सांसद वनलालवेना के खिलाफ वापस ली एफआइआर

नई दिल्ली, 2 अगस्त। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को कहा कि उन्होंने राज्य पुलिस को 26 जुलाई को मिजोरम के साथ सीमा संघर्ष के बाद राज्यसभा सांसद के वनलालवेना के खिलाफ दर्ज एफआइआर वापस लेने का निर्देश दिया है। दोनों राज्यों के बीच हुए खूनी संघर्ष में असम पुलिस के छह कर्मियों की मौत हो गई थी। हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामले को वापस नहीं लिया जाएगा।

हिमंत बिस्वा सरमा ने एक ट्वीट में कहा, ‘मैंने मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा के मीडिया में बयानों को देखा है जिसमें उन्होंने सीमा विवाद को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने की इच्छा व्यक्त की है। असम हमेशा उत्तर पूर्व की भावना को जीवित रखना चाहता है। हम अपनी सीमाओं पर शांति सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।”

उन्होंने कहा कि इस सद्भावना को आगे बढ़ाने के लिए मैंने असम पुलिस को मिजोरम से राज्यसभा के माननीय सांसद के वनलालवेना के खिलाफ प्राथमिकी वापस लेने का निर्देश दिया है। हालांकि, अन्य आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामलों पर आगे की कर्रवाई की जाएगी। बता दें कि सांसद पर असम पुलिस ने सीमा पर हुई हिंसा के सिलसिले में मामला दर्ज किया था।

इससे पहले रविवार को सरमा ने कहा था कि मुख्य फोकस नॉर्थ-ईस्ट की भावना को जिंदा रखने पर है। असम के मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘असम-मिजोरम सीमा पर जो हुआ वह दोनों राज्यों के लोगों के लिए अस्वीकार्य है। मिजोरम के मुख्यमंत्री ने मुझे क्वारंटाइन के बाद मिलने का वादा किया है। सीमा विवादों को केवल चर्चा के माध्यम से ही सुलझाया जा सकता है। असम सीएम के ट्वीट को मिजोरम समकक्ष ने रीट्वीट किया।

गौरतलब है कि हाल ही में दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद अपने चरम पर पहुंच गया था। अमस और मिजोरम पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ में असम के छह पुलिस कर्मियों और एक नागरिक की मौत हो गई थी। इसके अलावा घटना में कम से कम 50 लोग घायल भी हुए। इस बीच, असम और मिजोरम के बीच सीमा पर तनाव को कम करने के प्रयासों के साथ सोमवार को असम के भाजपा सांसद इस मुद्दे को संसद में उठा सकते हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button