छत्तीसगढ

सीएम बघेल ने दिया संकेत, जल्द होगी निगम-मंडल में नियुक्ति

रायपुर, 23 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में निगम-मंडल में नियुक्ति के इंतजार में बैठे कांग्रेस नेताओं के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली रवाना होने से पहले संकेत दिया है कि जल्द निगम-मंडल में नियुक्ति होगी। तीन दिवसीय दौरे पर रवाना होने से पहले स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के कारण बहुत से काम रुके हुए हैं। अब कोरोना ढलान पर है, ऐसे में बचे काम को जल्द पूरा किया जाएगा। इसमें निगम-मंडल में नियुक्ति भी होगी। मुख्यमंत्री से सवाल किया गया कि क्या दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से भी मुलाकात होगी, तो उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया कोरोना संक्रमित हैं। अगले सप्ताह तक वे स्वस्थ हो जाएंगे। इसके बाद निगम-मंडल की सूची पर विचार करके घोषणा की जाएगी। सरकार करीब 32 पदों पर नियुक्ति की तैयारी में हैं। अगस्त के पहले सप्ताह में आला नेताओं से रायशुमारी की गई थी। उस समय यह संकेत मिला था कि 15 अगस्त के बाद दूसरी सूची आ जाएगी। लेकिन अचानक कोरोना के मामले तेजी से आने शुरू हो गए। इसके बाद निगम-मंडल की नियुक्ति को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। ट्रैक्टर रैली में आ सकते हैं राहुल गांधी केंद्र के कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस की सात नवंबर को राजधानी में ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को न्यौता दिया गया है। हालांकि अब तक सहमति नहीं मिली है, लेकिन उम्मीद है कि राहुल गांधी कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि कृषि कानून से छत्तीसगढ़ के किसानों का हित नहीं होगा। इसके विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन एक नवंबर से दस नवंबर तक ट्रैक्टर रैली आयोजित कर रही है। 20 लाख किसानों के हस्ताक्षर अभियान में सुस्ती कांग्रेस संगठन ने कृषि कानून के विरोध में प्रदेश के 20 लाख किसानों के हस्ताक्षर को राष्ट्रपति को सौंपने का निर्णय लिया है। अब तक सिर्फ महासमुंद विधानसभा के 40 हजार किसानों का हस्ताक्षर प्रदेश संगठन को मिला है। बाकी विधानसभा में अब तक सुस्ती का आलम है। ऐसे में संगठन ने सभी जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों को हस्ताक्षर कराकर दस्तावेज 25 अक्टूबर तक जमा करने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button