खेल

खेल दिवस पर भारतीय खिलाड़ियों की हुई चांदी ही चांदी, टोक्यो में दिखाया दम

टोक्यो, 30 अगस्त। भारत के लिए रविवार का दिन यादगार बन गया जब दो पैरा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर टोक्यो पैरालिंपिक में चांदी जीतकर देश को जश्न मनाने का मौका दिया। एक अन्य खिलाड़ी कांस्य पदक भी अपने नाम किया। टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने रजत पदक जीता।

34 साल की भाविना क्लास 4 स्पर्धा के महिला सिंगल्स फाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीन की झाउ यिंग के खिलाफ 19 मिनट में 7-11, 5-11, 6-11 से हार गई। उन्होंने पैरालिंपिक खेलों में भारत को टेबल टेनिस में पहली बार कोई पदक दिलाया। इसके साथ ही वह पैरालिंपिक में रजत जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी भी बन गईं। उनसे पहले दीपा मलिक ने 2016 रियो पैरालिंपिक में गोला फेंक में रजत जीता था।

दिन का दूसरा पदक निषाद कुमार ने पुरुषों के ऊंची कूद टी46 स्पर्धा में एशियाई रिकार्ड के साथ रजत पदक जीता। कुमार ने 2.06 मीटर की कूद लगाकर एशियाई रिकार्ड बनाया और दूसरे स्थान पर रहे। अमेरिका के डलास वाइज को भी रजत पदक दिया गया क्योंकि उन्होंने और कुमार दोनों ने समान 2.06 मीटर की कूद लगाई।

दिन का आखिरी पदक चक्का फेंक एथलीट विनोद कुमार ने दिलाया था। उन्होंने एशियाई रिकार्ड के साथ पुरुषों के एफ52 स्पर्धा में 19.91 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता था। लेकिन थोड़ी देर बाद ही अंतरराष्ट्रीय पैरालिंपिक समिति (आइपीसी) ने उनके पदक के नतीजे पर रोक लगा दी। उनके एफ52 स्पर्धा की जांच की जाएगी और फिर उनके पदक के नतीजे की घोषणा होगी। सोमवार को उनके पदक के नतीजे का एलान किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भाविना पटेल ने इतिहास रचा। उन्होंने ऐतिहासिक रजत पदक जीता है। इसके लिए उन्हें बधाई। जीवन में उनकी यात्रा प्रेरणादायी है और यह अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ेगी। ऊंची कूद में निषाद कुमार ने भी रजत पदक जीता हैं और उन्हें भी इसके लिए बधाई। वह शानदार एथलीट हैं।”

– नंबर गेम –

– 3 करोड़ रुपये गुजरात की भाविना पटेल को टोक्यो पैरालिंपिक में रजत जीतने पर देगी गुजरात सरकार

– 31 लाख रुपये भारतीय टेबल टेनिस महासंघ ने भाविना को पुरस्कार राशि के तौर पर देने का एलान किया

– 15 कुल पदक भारत के पैरालिंपिक खेलों में अब तक हो गए हैं। रविवार को टोक्यो में तीन पदक जीतने से पहले भारत के नाम 12 पदक दर्ज थे

– 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निषाद कुमार को देगी हिमाचल सरकार। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया एलान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button