छत्तीसगढ

तीन साल में ही अलोकप्रिय हो गई कांग्रेस सरकारः बृजमोहन

रायपुर, 29 जनवरी। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहली बार है कि 3 साल में कोई सरकार अलोकप्रिय हो गई है। इनसे जनता ही नहीं बल्कि इनके कार्यकर्ता तक नाखुश हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण कांग्रेस पार्टी के प्रत्यक्ष सदस्यता की जगह डिजीटल सदस्यता अभियान की शुरुआत है।

श्री अग्रवाल आज प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि कोई सरकार सत्ता में रहते हुए भी अपने कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं उतरी है। यही कारण है कि खुद कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अपनी ही पार्टी को कोस रहे हैं। दूसरी तरफ जनता भी कांग्रेस को वोट दे कर पछता रही है। प्रत्यक्ष सदस्यता अभियान के असफल होने के बाद ड़िजीटल सदस्यता अभियान प्रारंभ करना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। श्री अग्रवाल ने कहा कि ये अब कुछ भी कर लें कोई फर्क नहीं पड़ता, ये सरकार हर मोर्चे पर असफल हुई है जिससे अलोकप्रिय हो चुकी है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। कांग्रेस के अंदर उथल-पुथल चल रही है। कभी भी इनके यहाँ भूकम्प आ सकता है। कोई मंत्री झापड़ मारता है, किसी मंत्री की डायरी आती है। कभी ढाई-ढाई साल का फार्मूले पर चर्चा होती है, तो इनके मंत्री साल में 9 महीने दिल्ली में रहते हैं। मुख्यमंत्री प्रदेश की जगह उत्तर प्रदेश में ज्यादा समय बिताते हैं। अब बात हो रही है कि मंत्रिमंडल में फेरबदल बजट सत्र के बाद होगा। उन्होंने चुटकी ली कि कांग्रेस में क्या-क्या परिवर्तित होगा समझ से परे है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि इस सरकार ने सस्ती बिजली देने का वायदा कर सत्ता पर आई थी परंतु आज ये सरकार विश्वासघात कर रही है। एक तरफ यह 200 युनिट बिजली हाफ दर पर देने की बात करती है दूसरी तरफ बिजली का दर बढ़ा रही है। पिछले दिनों इन्होने 37 प्रतिशत बिजली दर बढ़ाई थी जिस पर भाजपा ने आंदोलन भी किया था। अब फिर बिजली दर बढ़ाने की बात चल रही है। उन्होंने कहा कि बिजली एक दो रुपए में बनती है और साढ़े पांच से साढ़े दस रुपए में बिकती है, तो फिर घाटा कैसे हो रहा है। वास्तव में बिजली विभाग का भ्रष्टाचार इसका कारण है, विभाग में खरीदी पर कोई नियंत्रण नहीं है, एक रुपए की वस्तु सौ रुपए में खरीदी जा रही है, उसका आडिट भी नहीं होता है। उन्होंने कहा कि विभाग के भ्रष्टाचार को जनता क्यों भुगते? यह सरकार छत्तीसगढ़ की जनता का शोषण कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button