खेल

तीरंदाजी विश्व कप में झारखंड की दीपिका का जलवा, एक दिन में दो गोल्‍ड मेडल पर साधा निशाना

रांची, 27 जून। पेरिस में चल रहे तीरंदाजी विश्व कप में झारखंड की तीरंदाज दीपिका कुमारी ने अपना जलवा बिखेरा है। दीपिका ने एक दिन में दो गोल्‍ड मेडल पर निशाना साधा है। पहले तो रिकर्व मुकाबले में हमवतन कोमालिका बारी और अंकिता भक्‍त के साथ सोना जीता। उसके बाद उसने अपन‍े पति अतानु दास के साथ मिक्सड डबल्स का खिताब जीता।

दीपिका ने पहले विश्व कप स्टेज तीन तीरंदाजी के रिकर्व मुकाबले में कोमालिका बारी व अंकिता भक्त के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम ने फाइनल में मैक्सिको को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मैक्सिको को पांच के मुकाबले एक सेट में हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बता दें कि पेरिस में ही एक पखवाड़े पहले भारतीय महिला रिकर्व टीम ओलंपिक के लिए क्वालीफाइ नहीं कर पाई थी। इसके गम को भुलाते हुए आज ही भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने इरादे पक्के कर दिए हैं। दीपिका एकमात्र महिला तीरंदाज हैं जिन्होंने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है।

दीप‍िका, अतानु और बीच में कोच पूर्णिमा महतो।

विश्वकप तीरंदाजी प्रतियोगिता के तीसरे चरण में रविवार का दिन दीपिका के लिए अब तक काफी बेहतर रहा है। दीपिका ने दिन का दूसरा पदक भी अपने नाम किया। मिक्सड डबल्स रिकर्व प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दीपिका कुमारी ने अपने पति अतानु दास के साथ मिलकर रविवार को दूसरा स्वर्ण पदक जीता। दीपिका और अतानु की जोड़ी ने नीदरलैंड की जोड़ी को 5-3 सेट के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता। एक समय मामला 2-2 सेट की बराबरी पर था लेकिन इसके बाद दीपिका और अतानु ने लगातार तीन सेट जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

दीपिका, कोमालिका व अंकिता भक्‍त पोडियम पर (बीच) में।

कोमालिका व अंकिता टाटा आर्चरी अकादमी की है जबकि दीपिका कुमारी टाटा आर्चरी अकादमी से निकलकर ओएनजीसी से जुड़ी है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वर्ष टोक्‍यो में होने वाले ओलंपिक में तीरंदाजी की स्‍पर्द्धा में दीपिका कुमार नहीं खेल रही है। उसने ओलंपिक के लिए क्‍वालीफाइ नहीं किया है। यह शायद पहली बार होगा कि तीरंदाजी की वर्तमान वर्ल्‍ड चैंपियन ओलंपिक में नहीं खेल रही है।

इधर, झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ल्‍ड कप में गोल्‍ड मेडल जीतने पर बधाई दी है। सीएम ने ट्वीट कर कहा है कि अद्भुत! आज तीर-कमान बना रहा कीर्तिमान। तीरंदाजी विश्व कप के रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश को स्वर्णिम पल देने वाली दीपिका कुमारी और अतनु दास की जोड़ी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। उन्‍होंने एक और ट्वीट करते हुए लिखा कि तीरंदाजी विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाली झारखंड की बेटियों- दीपिका कुमारी, कोमोलिका बारी और अंकिता भगत को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। पूरे देश और राज्य को आप पर गर्व है। जय झारखंड!

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पेरिस में चल रहे विश्व कप तीरंदाजी में दीपिका कुमारी एवं अतनु दास के मिश्रित युगल रिकर्व और महिला रिकर्व में दीपिका के साथ कोमोलिका एवं अंकिता के स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी है। मुंडा ने कहा कि आज का दिन भारतीय तीरंदाजी के लिए स्वर्णिम था। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात में दीपिका और प्रवीण जाधव जैसे तीरंदाजों के संघर्ष का जिक्र कर रहे थे, उस समय दीपिका स्वर्ण पदक पर निशाना साध रही थीं। मुंडा ने आशा व्यक्त की है कि तोक्यो ओलंपिक में भी भारतीय खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button