राष्ट्रीय

दिल्ली से कांग्रेस के लिए बुरी खबर, पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह के बेटे अरविंदर सिंह का निधन

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। कांग्रेस पार्टी के लिए राजधानी दिल्ली से बुरी खबर आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सरदार बूटा सिंह बेटे अरविंदर सिंह (56) का सोमवार देर रात निधन हो गया। निधन की वजह हार्ट अटैक बताया जा रहा है। अरविंदर सिंह दिल्ली की देवली विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके थे। उनके निधन की जानकारी खुद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने ट्वीट करके दी है।

गौरतलब है कि अरविंदर सिंह कांग्रेस पार्टी से 2008 में देवली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे और विधायक भी बने थे। हालांकि, वर्ष 2015 में पिता बूटा सिंह को टिकट नहीं दिए जाने से नाराज होकर उन्होंने कांग्रेस को बाय-बाय कह दिया था। इसके कुछ दिन बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।

बताया जा रहा है कि दिल्ली के पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविंदर सिंह का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ। उनके परिवार में पत्नी और 2 बच्चे हैं। अरविंदर सिंह के बहनोई पवन अरोड़ा ने बताया है कि मंगलवार को लोधी रोड श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहेंगे।

देवली विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अरविंदर के निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ट्वीट किया है- ‘मेरे सहयोगी और दोस्त अरविंदर सिंह के असामयिक निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए अथक परिश्रम किया था। उनकी कमी हमेशा खलेगी।’

उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने  भी पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह के बेटे अरविंदर सिंह की मौत पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा- ‘मुझे अरविंदर सिंह की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ है और परमात्मा के आगे अरदास करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में शाश्वत निवास दें और परिवार को ईश्वरीय आदेश मानने का हौसला प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button