छत्तीसगढ

प्रदेश सरकार के नक्सलियों के सामने घुटने टेकने के दुष्परिणाम आने वाले समय में भोगने पड़ेंगे : डॉ. सरोज पांडेय

रायपुर, 9 नंवबर। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री और संसद सदस्य (राज्यसभा) डॉ. सरोज पांडेय ने कहा है कि आत्मनिर्भर भारत की पुनः शुरुआत भाजपा ने की है। भाजपा और जनसंघ प्रारम्भ से ही स्वदेशी के पक्षधर रही हैं। 1954 में जनसंघ ने इस विषय को उठाया परंतु उस समय की सरकार को स्वदेशी का महत्व समझ नहीं आया। आतंकवादी गतिविधियों का समर्थक पाकिस्तान है और पाकिस्तान का समर्थन चीन करता है। बालाकोट से लेकर हर मोर्चे पर पाकिस्तान ने मुँह की खाई है। चीन ने भी दुःसाहस किया और उसे भी मुँह की खानी पड़ी। डॉ. (सुश्री) पांडेय यहाँ आयोजित भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर रही थीं। प्रशिक्षण वर्ग का समापन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के संबोधन से हुआ।

भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री और संसद सदस्य डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि आज इन सभी विपरीत परिस्थितियों में भारत की आज़ादी के बाद सुरक्षा के एक से एक उपकरणों, जो विदेशों से आते थे, पर रोक लगा कर भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व को संदेश दिया कि भारत आत्मनिर्भर बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मजबूती के साथ कदम रखते हुए पुराने नियमों में अनेक परिवर्तन किया। आत्मनिर्भर का अर्थ यह बिल्कुल नहीं कि हम अन्य देशों के विरोधी हैं बल्कि आत्मनिर्भरता के साथ सामंजस्यपूर्वक कार्य करना है। डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि इंटरनेट प्रणाली और सुरक्षा को लेकर भी देश के सामने संकट थे। चीन जैसे देशों के ऐप पर प्रतिबंध लगाने का काम श्री मोदी ने मजबूती के साथ करते हुए कहा कि न हम रुके हैं, न रुकेंगे; हम आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे हैं। हमारी सैन्य शक्ति को मजबूत करने के लिए हमने लगातार सुरक्षा उपकरण खरीदे हैं। यह ज़रूरी भी था परंतु हज़ारों करोड़ों डॉलर देश के बाहर जाता रहा और देश की सरकारों ने उस पर ध्यान नहीं दिया। श्री मोदी ने आत्मनिर्भरता के लिए मजबूती से आगे बढ़ने का काम किया है और वोकल फ़ॉर लोकल का नारा दिया। उन्होंने लोकल फ़ॉर ग्लोबल और मेक फ़ॉर द वर्ल्ड का नारा देकर स्पष्ट कर दिया कि आत्मनिर्भरता के साथ भारत विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार हैं। डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि नक्सलवाद एक बड़ी चिंता का विषय रहा है। नक्सलवाद वह वाद रहा, जिसकी शुरुआत शोषण रोकने के नाम पर हुई परंतु यह कब रेड कॉरिडोर में बदल गया, पता ही नहीं चला। नक्सलवाद के साथ मज़बूती से लड़ने का काम यदि किसी ने किया तो हमारी पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में किया। झीरम घाटी की घटना घटी, वह बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण है। परंतु, उस समय बड़े बड़े आरोप लगाने वाले कांग्रेस के नेता कहते थे, हमारी सरकार आने दीजिए, हमारी जेब में सबूत हैं; तो अब क्या हो गया? अब कांग्रेस के नेता सबूत क्यों नहीं निकालते? डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नक्सलियों के सामने घुटने टेक दिए हैं। नक्सलवाद पर इस सरकार ने राजनीति की है, जिसके दुष्परिणाम हम सभी को आने वाले समय मे भोगने पड़ेंगे।

भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री और संसद सदस्य डॉ. (सुश्री) पांडेय ने प्रदेश की वर्तमान सरकार की तमाम योजनाओं को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने आत्मनिर्भर भारत के तहत सभी विभागों में इन्वेस्टर्स को आमंत्रित किया है। कौशल विकास सहित विभिन्न कदम उठाए हैं। श्री मोदी ने सकल घरेलू उत्पाद के 10 प्रतिशत के बराबर 20 लाख करोड़ रुपए की राशि देश को आगे बढ़ाने उपलब्ध कराई। यह भी भारत के आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ा कदम था। कोरोना महामारी संकट में भी मज़बूती के साथ हमने लड़ाई लड़ी और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की श्री मोदी की मुहिम नहीं रुकी। पूरा विश्व थम-सा गया था, ऐसे समय में भी हम मज़बूती से आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में अग्रसर हुए हैं।

Bjp नेताओं के संघर्ष, बलिदान और समर्पण का परिणाम है : चंदेल

भाजपा के प्रदेश महामंत्री, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व विधायक नारायण चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि हज़ार टुकड़े हुए कांग्रेस के, कोई इधर गिरा कोई उधर गिरा। भाजपा एक परिवार है और हमारे परिवार के इतिहास, विचारधारा की सम्पूर्ण जानकारी हमें होगी, तभी व्यक्तित्व विकास होगा। व्यक्तिगत तौर पर हमारे परिवार में भी हमारे बुजुर्गों से प्रेरणा मिलती हैं। हमारे माता-पिता ने कितना संघर्ष किया, हमें मालूम होना चाहिए; ठीक उसी प्रकार राजनीतिक जीवन में भी हमारे दल के नेताओं के संघर्ष और संकल्प का इतिहास है और आज भाजपा जिस स्थान पर पहुंची हैं, वह हमारे नेताओं के संघर्ष, बलिदान और समर्पण का परिणाम है।

प्रदेश सरकार केंद्र के पैसे का कर रहे है उपयोग : चंद्राकर

वर्ग में अपने संबोधन में प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि राम वन गमन पथ के लिए या अन्य किसी योजना के लिए बजट का प्रावधान ही इस सरकार ने नहीं किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री बघेल ने अपनी फ्लैगशिप योजना नरवा-गरुवा-घुरवा-बारी के लिए बजट नहीं रखा है और केंद्र के पैसे का उपयोग कर रहे हैं। इसी प्रकार प्रदेश में नए विधानसभा भवन के लिए शिलान्यास हो चुका है लेकिन उसके लिेए प्रशासकीय स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है। प्रदेश को कर्ज़ के दलदल में धँसाकर प्रदेश सरकार केंद्र सरकार से मिली राशि का उपयोग कर झूठी वाहवाही बटोरने में लगी है। प्रदेश सरकार पूँछ दिखाकर घोड़ा बेचने की हास्यास्पद कोशिश कर रही है।

पूर्व मंत्री व विधायक श्री चंद्राकर ने वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि अटलजी के स्वप्न के राज्य छत्तीसगढ़ में कांग्रेसियों ने प्रथम तीन वर्षों में विधायक खरीदे, नेता प्रतिपक्ष के पैर तोड़े, भाजपा नेताओं पर हत्या के प्रयास के मुकदमे तक दर्ज किये। अलगाववाद, बर्बरता, प्रताड़ना, अधिनायकवाद का बीज बोने का प्रयास किया। लेकिन उसके बाद के 15 वर्षो के भाजपा शासन में क्षेत्रीय असंतुलन कम हुआ। प्रत्येक कोने में शिक्षा के प्रसार के लिए विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा के केंद्रों का विकास किया गया। आज विश्वस्तरीय सारे शिक्षण संस्थानों हमारे छत्तीसगढ़ में है जहाँ सभी वर्गों के छात्र अध्ययन कर सामाजिक विकास कर रहे हैं। श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश को नई दिशा देने वाला राज्य बना, कौशल उन्नयन, लोक गारंटी कानून और सबसे बड़ी बात भूख पर विजय प्राप्त करते हुए 1 रु. किलो में चावल हमारी सरकार ने दिया। हमारी सरकार के पीडीएस के मॉडल को देश ने अपनाया। श्री चंद्राकर ने भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि असंभव को संभव बनाना भाजपा कार्यकर्ता जानता है। विधानसभा चुनाव में भाजपा 9.8 % वोट से पीछे थी और मात्र 4 महीने बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा 10% वोट से आगे हो गई। यह कार्यकर्ताओं की ताकत है।

भाजपा का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है : सिदार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक प्रेम सिंग सिदार अपने विचार परिवार पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा एक विचार, एक दृष्टि के लिए कार्य करती है क्योंकि उसका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है। और राष्ट्र निर्माण का कार्य करते-करते हम लोगों के दिलों में हम बस गए हैं। देश हमारे लिए जागृत पुरुष है और इसका एक-एक इंच हिस्सा भी हमारे लिए पूजनीय है। पराधीनता की मानसिकता से ग्रसित मन पर विजय प्राप्त कर देश को 2020 तक विश्वगुरु बनना है। अपने राष्ट्र अपने पूर्वज, अपने इतिहास, अपनी संस्कृति से प्यार करना ही हमारा विचार परिवार का उद्देश्य है।

समापन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आह्वान

समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि इन तीन दिनों में 10 विषयों के विशेषज्ञ मंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं को वैभवशाली राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे। इस कार्य हेतु मीठी बोली, शांत विचार, लगातार प्रवास और राष्ट्र के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता तैयार करेंगे जो हमारा लक्ष्य 2023 प्राप्त करेंगे और इस सरकार की वादाख़िलाफ़ी को जनता के सम्मुख लाकर उन्हें जागृत करना है।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा की भाजपा के इन 3 दिनों में 10 विषयो के विशेषज्ञ मंडलो में जाकर कार्यकर्ताओं को वैभवशाली राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे। इस कार्य हेतु मीठी बोली, शांत विचार, लगातार प्रवास और राष्ट्र के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता तैयार करेंगे। जो हमारा लक्ष्य 2023 प्राप्त करेंगे।और इस सरकार के वादा खिलाफी को जनता के सम्मुख लाकर उन्हें जागृत करना है।
आज के सत्र अध्यक्ष का दायित्व का दायित्व रामसेवक पैकरा, ओपी चौधरी, संदीप शर्मा, पूनम चंद्राकर सत्र का संचालन कार्यक्रम सहसंयोजक अवधेश जैन व समापन आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक दीपक पटेल ने किया।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button