छत्तीसगढ

विक्रम उसेंडी के बयान पर शैलेश नितिन त्रिवेदी का पलटवार, अंतागढ़ में लोकतंत्र की हत्या करने वाली भाजपा को आज लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं याद आ रही है

रायपुर। हार की बौखलाहट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी द्वारा दिये गये विरोधाभासी बयान पर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि एक ओर विक्रम उसेंडी कहते है कि जनता ने जिस विश्वास के साथ कांग्रेस पार्टी को सत्ता सौपी है इन्हें जनता की सेवा और अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिये। दूसरी ओर विक्रम उसेंडी चुनाव प्रक्रिया को लेकर झूठे आधारहीन आरोप लगाते है। अंतागढ़ में लोकतंत्र की हत्या करने वाली भाजपा को आज लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की याद आ रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी द्वारा नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की करारी हार के बाद दिये गये बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि 2018 के विधानसभा चुनावों में शहरी विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस को ग्रामीण क्षेत्रों की ही तरह समर्थन मिला था। अंबिकापुर, दुर्ग, कोरबा, रायपुर ग्रामीण, जैसी शहरी सीटों में कब्जा बरकरार रखते हुये बिलासपुर, जगदलपुर, रायगढ़, रायपुर पश्चिम, रायपुर उत्तर, मनेन्द्रगढ़ (चिरमिरी नगर निगम शामिल) जैसी सीटों को कांग्रेस ने भाजपा से छीन लिया था। इस बार शहरी जनता ने एक बार फिर से कांग्रेस पर पहले से ज्यादा विश्वास व्यक्त किया है। यह जीत भूपेश बघेल सरकार की नीतियों और एक साल की उपलब्धियों के साथ-साथ शहरी इलाकों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की जीत है।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कांग्रेस को 2018 के विधानसभा चुनावों में मिले तीन चौथाई बहुमत के बाद लगातार दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव, चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव के बाद नगरीय निकाय चुनावों में जबर्दस्त जनसमर्थन और जनता का विश्वास मिल रहा है। यह जीत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने जिस तरह से एक बरस में जनहित में काम किया और जनता का विश्वास जीता है, उसी का परिणाम नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत के रूप में सामने आया है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button