Inauguration of Library Room : शिक्षा ही असली पूंजी है…! मुंगेली ग्रंथालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रेरणादायक संदेश

Inauguration of Library Room : शिक्षा ही असली पूंजी है…! मुंगेली ग्रंथालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रेरणादायक संदेश

मुंगेली, 20 मई। Inauguration of Library Room : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुंगेली जिला ग्रंथालय में 29.90 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त अध्ययन कक्ष का लोकार्पण किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले और पूर्व सांसद लखन साहू भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री का स्वागत छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक तालियों की गड़गड़ाहट और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा, “शिक्षा ही जीवन की असली पूंजी है। यह केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समग्र विकास का आधार है।” उन्होंने अपने छात्र जीवन की कठिनाइयों को याद करते हुए विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निष्ठा रखने की प्रेरणा दी।

आदर्श विद्यार्थी के पांच गुण बताए

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को “काक चेष्टा बको ध्यानं, श्वान निद्रा तथैव च। अल्पाहारी गृहत्यागी, विद्यार्थी पंच लक्षणं” श्लोक का उल्लेख करते हुए बताया कि एक आदर्श विद्यार्थी में ये पांच गुण अवश्य होने चाहिए।

सोशल मीडिया पर जागरूकता का संदेश

एक छात्र द्वारा सोशल मीडिया के प्रभाव पर पूछे गए सवाल के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा, “डिजिटल युग में अच्छाई को अपनाएं और बुराई से दूर रहें।” उन्होंने युवाओं को समय का सदुपयोग करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने का संदेश दिया।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में राज्य व जिला स्तर पर 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तोप सिंह कुंभकार द्वारा मुख्यमंत्री का हस्तनिर्मित चित्र भी भेंट किया गया।

ग्रंथालय को बताया सफलता की नींव

मुख्यमंत्री ने ‘प्रयास’ और ‘नालंदा परिसर’ जैसे शैक्षणिक नवाचारों की चर्चा करते हुए कहा कि हर जिले में आधुनिक ग्रंथालय स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को एक प्रेरणादायक अध्ययन स्थल मिल सके। उन्होंने कहा, “ग्रंथालय केवल अध्ययन का स्थान नहीं, बल्कि सफलता की नींव रखने का केंद्र है।”

समृद्ध ग्रंथालय, बेहतर सुविधाएं

मुंगेली जिला ग्रंथालय (Inauguration of Library Room) प्रतिदिन सुबह 8 से रात 8 बजे तक खुला रहता है। यहां 4780 से अधिक पुस्तकें, समाचार पत्र, पत्रिकाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री उपलब्ध है। वर्तमान में 893 पंजीकृत सदस्य इसका लाभ ले रहे हैं। 32 अध्ययन टेबल, 11 सीसीटीवी कैमरे और 6 कर्मचारियों द्वारा ग्रंथालय का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।

प्रमुख अधिकारी भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टरकुंदन कुमार, एसपीभोजराम पटेल सहित शिक्षकगण, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author

छत्तीसगढ